शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)l तिलहर थाना क्षेत्र से पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब दो महीने पहले बहला-फुसलाकर गैर धर्म की नाबालिग लड़की को अपने साथ ले जाने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में आरोपी संजय मौर्या घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी और कई स्थानों पर दबिश भी दी गई थी। इसी बीच मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव मरक्का गौटिया के पास से धर दबोचा।
बताया गया है कि इस संबंध में थाना तिलहर में पहले से ही पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बरामद नाबालिग लड़की को मेडिकल परीक्षण और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया है।
वहीं, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और पीड़िता को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
