महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल में बुधवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (यूपी-56 एपी-1725) से छोटू चौहान उर्फ जितेंद्र चौहान (35) पुत्र सुदर्शन चौहान तथा हीरालाल (30) पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम लखिमा थाना श्यामदेउरवां, लखिमा से धर्मौली की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 6 आजाद नगर कुर्मी टोला के समीप पहुंची, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भिजवाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद जितेंद्र चौहान उर्फ छोटू चौहान को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हीरालाल की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतक जितेंद्र चौहान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके पुत्र पवन और पुत्री अंशु का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
