Monday, February 2, 2026
HomeUncategorizedक्राइमगया जी में पूजा पंडाल पर डांस कर रहे युवक की गोली...

गया जी में पूजा पंडाल पर डांस कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या, बहन की गोद में तोड़ा दम

गया/बिहार (राष्ट्र की परम्परा)। दुर्गा पूजा के दौरान गया जिले में बड़ा हादसा हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसुंडा में पूजा पंडाल के पास डांस कर रहे 19 वर्षीय रोहित कुमार को अपराधियों ने गोली मार दी। गोली सीधे सीने में लगी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

बहन की गोद में थमी सांस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब दो बजे रोहित अपने दोस्तों के साथ घर के पास पंडाल में डांस कर रहा था। तभी अपराधियों ने अचानक गोली चला दी। गोली लगते ही रोहित जमीन पर गिर पड़ा।
शोर सुनकर उसकी बहन प्रियंका शेखर भी वहां पहुंची और भाई का सिर अपनी गोद में रखा। लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही रोहित ने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने मोहल्ले के युवक पर लगाया आरोप

मृतक के परिजनों ने मोहल्ले के ही युवक मोहित कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों की छोड़ी हुई बाइक को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से आरोपियों की बाइक जब्त कर ली।
थाना प्रभारी ने कहा कि जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इलाके में दहशत

गौरतलब है कि महज दो दिनों के भीतर गया जिले में यह तीसरी हत्या है। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments