कल से सजेगा फुटवियर कारोबार का महाकुंभ, 250 एग्जिबिटर्स दिखाएंगे नई तकनीक और उत्पाद
आगरा (राष्ट्र की परम्परा)। फुटवियर उद्योग से जुड़े कारोबारियों, निर्माताओं, निर्यातकों और तकनीक प्रदाताओं के लिए आगरा में शनिवार से बड़ा कारोबारी मंच सजने जा रहा है। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय फेयर ‘मीट एट आगरा’ का 18वां संस्करण 3 से 5 अक्टूबर 2026 तक सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित होगा। तीन दिवसीय फेयर में देश-विदेश से करीब 250 एग्जिबिटर्स हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें आठ चीनी प्रदर्शक भी शामिल हैं।
फेयर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। आयोजन में फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, आधुनिक मशीनरी, उत्पादन तकनीक और इंडस्ट्रियल सपोर्ट सिस्टम्स को प्रदर्शित किया जाएगा। हॉल बी में विशेष रूप से तैयार चाइना पवेलियन इस बार आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा, जहां विजिटर्स को चीनी कंपनियों के उत्पादों और तकनीकी समाधानों की जानकारी सीधे प्रदर्शकों से मिल सकेगी।
शुक्रवार को आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में एफमेक पदाधिकारियों ने फेयर की तैयारियों, कार्यक्रमों और उद्योग के लिए इसकी उपयोगिता की जानकारी दी। एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि ‘मीट एट आगरा’ पिछले 18 वर्षों में फुटवियर उद्योग के लिए कारोबार, तकनीक और नए संपर्क विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट, ग्रो’ रखी गई है।
उन्होंने कहा कि बदलते फैशन ट्रेंड, आरामदायक फुटवियर की बढ़ती मांग, संगठित रिटेल और ऑनलाइन कारोबार के विस्तार से उद्योग के सामने नए अवसर पैदा हो रहे हैं। ऐसे में डिजाइन, गुणवत्ता और आधुनिक उत्पादन तकनीक को अपनाना कारोबार की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने फुटवियर कारोबारियों और उद्यमियों से फेयर में पहुंचकर नई तकनीक, मटीरियल्स और कंपोनेंट्स की जानकारी लेने तथा आगामी सीजन के लिए अपने उत्पादों को नए स्वरूप में तैयार करने की अपील की।
एफमेक कन्वीनर एवं डीसीएफएलआई के चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि भारत के पास बड़ा घरेलू बाजार और मजबूत उत्पादन क्षमता है। आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन, कुशल मानव संसाधन और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर ध्यान देकर भारतीय फुटवियर उद्योग अपनी वैश्विक स्थिति को और मजबूत कर सकता है।
वर्ल्ड फुटवियर ईयरबुक 2026 में प्रकाशित वर्ष 2025 के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि उस वर्ष दुनिया में करीब 2,460 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन हुआ। भारत में लगभग 300 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन हुआ, जो वैश्विक उत्पादन का करीब 12.2 प्रतिशत है। इस आधार पर भारत चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फुटवियर उत्पादक रहा। भारत में फुटवियर की खपत भी करीब 280 करोड़ जोड़ी बताई गई है।
पूर्व एफमेक अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने कहा कि हॉल बी स्थित चाइना पवेलियन में विजिटर्स को फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स और मशीनरी से संबंधित उत्पादों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। इससे कारोबारी विभिन्न तकनीकी विकल्पों की जानकारी लेने के साथ नए कारोबारी संपर्क भी विकसित कर सकेंगे।
एफमेक उपाध्यक्ष राजीव वासन ने कहा कि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए केवल उत्पाद की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि समय पर आपूर्ति, लागत नियंत्रण और ग्राहकों की जरूरतों को समझना भी जरूरी है। फेयर में प्रदर्शित आधुनिक मशीनरी और उत्पादन समाधान फुटवियर इकाइयों के आधुनिकीकरण में उपयोगी हो सकते हैं।
उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत पहचान के लिए गुणवत्ता, डिजाइन, टिकाऊपन और आराम जैसे पहलुओं पर लगातार काम करने की जरूरत है। ‘मीट एट आगरा’ के माध्यम से उद्योग से जुड़े लोगों को इन क्षेत्रों में उपलब्ध नए उत्पादों और तकनीकों की जानकारी मिलेगी।
एफमेक महासचिव प्रदीप वासन ने बताया कि रविवार, 4 अक्टूबर को फेयर विजिट के साथ बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच संवाद तथा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें खरीदारों की अपेक्षाओं, उत्पाद विकास और कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा होगी। सोमवार, 5 अक्टूबर को फेयर के अंतिम दिन एग्जिबिटर्स सम्मान समारोह और मीडिया ब्रीफ का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन में डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जाएगा। विजिटर्स और एग्जिबिटर्स से फीडबैक क्यूआर कोड के माध्यम से सुझाव देने की अपील की गई है, ताकि कागज के इस्तेमाल को न्यूनतम रखा जा सके।
फेयर कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा ने बताया कि 18वें ‘मीट एट आगरा’ का औपचारिक उद्घाटन शनिवार, 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एवं वर्तमान में यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वरिष्ठ आईएएस मनोज कुमार सिंह होंगे।
प्रेसवार्ता में एफमेक सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, ललिता अरोरा, सुनील मनचंदा, सीफी के प्रदेश महासचिव नकुल मनचंदा, जसविंदर सिंह खेड़ा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के बलिया में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी एक…
अंगरखा स्टाइल को-ऑर्ड सेट: फेस्टिव सीजन में रॉयल और एथनिक लुक के लिए ट्राई करें…
No Return, No Refund’ का बोर्ड देखकर न घबराएं! खराब सामान पर दुकानदार को देना…
एआई का बढ़ता खतरा! बिल गेट्स की चेतावनी से बढ़ी चिंता, हथियारों से लेकर साइबर…
शिवाजी पार्क में प्रदर्शन को लेकर घमासान, CJP नेताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत; अनुमति…
दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज में सजी विज्ञान प्रदर्शनी, पर्यावरण, जल संरक्षण व ऊर्जा बचत के…