रात में घर से निकले, सुबह निर्माणाधीन मिल के पास मिली लाश इलाके में सनसनी
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नौतनवां थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी व्यापारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। डूडी नदी के पास निर्माणाधीन राइस मिल के समीप 36 वर्षीय अजय वर्मा का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना को लेकर हत्या और हादसे के बीच सस्पेंस गहराता जा रहा है। मृतक अजय वर्मा मूल रूप से सिद्धार्थ नगर जनपद के पकडिहवा गांव के निवासी थे। वर्तमान में वे अड्डा बाजार स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे और चकदह में नागेश्वर प्रसाद ज्वेलर्स के नाम से आभूषण की दुकान संचालित करते थे। क्षेत्र में उनकी पहचान एक शांत और मिलनसार व्यापारी के रूप में थी।
परिजनों के अनुसार अजय वर्मा सोमवार की शाम करीब 6 बजे अपनी दुकान बंद कर ससुराल पहुंचे थे। रात करीब 9:30 बजे भोजन करने के बाद वे अपने बेल भार स्थित घर जाने के लिए निकले, जो ससुराल से महज 300 मीटर की दूरी पर है। लेकिन वह घर तक नहीं पहुंचे। रात में जब काफी देर तक वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। पूरी रात बेचैनी और आशंका में गुजरी। मंगलवार सुबह निर्माणाधीन राइस मिल के पास उनका शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों में तरह- तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना मिलते ही अड्डा बाजार पुलिस चौकी व नौतनवां थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं —क्या यह सुनियोजित हत्या है?
क्या किसी ने लूट-पाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया?या फिर अंधेरे में कोई दुर्घटना हुई? इन तमाम सवालों के जवाब फिलहाल धुंधले हैं। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं व्यापारी वर्ग में भी सुरक्षा को लेकर चिंता गहराने लगी है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं,जो इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठा सकेगी।
