Friday, April 24, 2026
HomeUncategorizedसोमवार व्रत पर शिवालयों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, प्रशासन की व्यवस्था...

सोमवार व्रत पर शिवालयों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, प्रशासन की व्यवस्था रही पुख्ता

बलिया(राष्ट्र की परम्परा) सोमवारी के पावन अवसर पर पूरे बलिया जनपद में शिवमय वातावरण देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता शिवालयों में लग गया। व्रतधारी महिलाएं और पुरुष बड़े भक्ति भाव से बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध और गंगाजल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए। शिवालयों में ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

प्रमुख शिवालयों पर विशेष भीड़ – बलिया शहर के महर्षि भृगु मंदिर, बाबा दुर्गानाथ मंदिर और गंगा घाट स्थित शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ग्रामीण क्षेत्रों में सिकंदरपुर का बाबा मठिया नाथ शिवालय, रसड़ा का बाबा बालेश्वरनाथ मंदिर, बैरिया का बाबा अघोरनाथ मंदिर, बांसडीह का शिव मंदिर और मनियर का बाबा भोलेशंकर मंदिर भी आस्था का केंद्र बने रहे। भीमपुरा, चिलकहर, सोहांव और फेफना क्षेत्र के शिवालयों में भी भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं।

प्रशासन व पुलिस की तैयारी – भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड में रहा। क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी रसड़ा, बांसडीह, मनियर समेत सभी अधिकारियों ने मंदिर परिसरों का दौरा कर व्यवस्था की निगरानी की। थाना अध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि सभी प्रमुख शिवालयों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

श्रद्धालुओं की मान्यता और आस्था – भक्तों की मान्यता है कि सोमवार के व्रत और भगवान शिव की पूजा-अर्चना से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। विशेषकर अविवाहित युवतियां उत्तम वर और सुखमय गृहस्थ जीवन की कामना के साथ व्रत रखती हैं। इस अवसर पर कई मंदिरों में भजन-कीर्तन और विशेष पूजन अनुष्ठान भी आयोजित किए गए।

भक्तों के अनुभव- सिकंदरपुर के निवासी सीमा देवी ने बताया कि उन्होंने पिछले सात साल से सोमवार का व्रत रखा है और हर बार भगवान शिव से नई ऊर्जा प्राप्त होती है। वहीं रसड़ा के संतोष गुप्ता ने कहा कि मंदिर प्रशासन और पुलिस की व्यवस्था सराहनीय रही, जिससे भीड़ के बावजूद श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments