गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। गोरखपुर में पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। पीपीगंज निवासी व्यापारी बलिराम जायसवाल की घंटाघर स्थित आभूषण दुकान के कर्मचारी से 9.30 लाख रुपये नकद लूट लिए गए। आरोपी पुलिस की वर्दी जैसी पैंट और जैकेट पहने हुआ था, जिससे कर्मचारी धोखे में आ गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को व्यापारी के कर्मचारी संजय पाल दुकान से 9.50 लाख रुपये नकद लेकर गीता प्रेस रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने जा रहे थे। जब वह मुंबई क्लॉथ हाउस (कालीबाड़ी मंदिर के पास) पहुंचे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस की वर्दी पहनकर उन्हें रोक लिया।
आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कर्मचारी को डराया और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद उसने कहा कि “जीएसटी के कागज लेकर आओ, तभी पैसा मिलेगा।” भयभीत कर्मचारी तुरंत दुकान लौट आया और घटना की जानकारी व्यापारी को दी।
ये भी पढ़ें – मऊ रोजगार मेला 2026 से बदली तस्वीर, मंत्री ए.के. शर्मा बोले विकास जारी रहेगा
जब तक व्यापारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी फरार हो चुका था। पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली थाना में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में असुरक्षा को लेकर रोष व्याप्त है। व्यापारी बलिराम जायसवाल ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की है।
इस संबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
Read this: https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2025/12/?m=1
