Thursday, February 5, 2026
HomeNewsbeatभव्य कलश यात्रा से भक्ति रस की अविरल धारा बहती रही

भव्य कलश यात्रा से भक्ति रस की अविरल धारा बहती रही

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के रतनपुरा प्रखंड स्थित दतौड़ा ग्राम पंचायत में अवस्थित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अवसर पर बुधवार को मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
सैकड़ों स्त्री-पुरुष और बालक पीला वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर हर हर महादेव के जय घोष के साथ कलश यात्रा में शामिल हुए। यह यात्रा कुंज वन कुटीर बुढ़वा बाबा के मंदिर तक गई, जहां मंत्रोच्चार के साथ अभिसिंचित पोखरे का जल कलश में भरा गया।
मुख्य यजमान डॉक्टर सुनील कुमार चौरसिया और प्रमिला चौरसिया ने संपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान के साथ संपन्न कराया। बिहार से पधारे आचार्य पंडित दीनदयाल पाठक, मारकंडे मिश्र और प्रमोद पाठक ने कलश यात्रा के दौरान विधिवत पूजन किया।
कलश यात्रा में विभिन्न ग्राम पंचायतों की महिलाएं धार्मिक गीत गाते हुए शामिल रहीं। गाजे-बाजे के साथ यह यात्रा लगभग 4 किलोमीटर की दूरी तय कर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी। रास्ते में बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रद्धालुओं का स्वागत हर हर महादेव के गगनभेदी उदघोष के साथ करते रहे।
आगामी कार्यक्रम में 5 फरवरी गुरुवार को रुद्राभिषेक और 6 फरवरी शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा। इसके बाद 7 जनवरी को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक उत्सव से संपूर्ण क्षेत्र में भक्ति रस की अविरल सरिता प्रवाहित होती रही।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments