
दक्षिण एशिया की रैंकिंग में भी 37 स्थान का सुधार, देश के 325 संस्थानों में 110वां स्थान हासिल
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक जगत में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराते हुए क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में शानदार प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय ने इस बार रैंकिंग में 80 पायदान की छलांग लगाते हुए 721–730 बैंड में जगह बनाई है। पिछले वर्ष विश्वविद्यालय 801–850 बैंड में शामिल था। इसके साथ ही दक्षिण एशिया की रैंकिंग में भी बीबीएयू ने 37 स्थान का सुधार करते हुए 254वें स्थान से 217वां स्थान हासिल किया है। देश के कुल 325 संस्थानों में विश्वविद्यालय को 110वां स्थान मिला है।क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में 26 देशों के कुल 1,722 विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन किया गया। इसमें बीबीएयू का प्रदर्शन विशेष रूप से शोध और शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता के मानकों पर उल्लेखनीय रहा। पीएचडी धारक शिक्षकों के मामले में विश्वविद्यालय को 100 में से 100 अंक प्राप्त हुए और एशिया में 48वां स्थान मिला। वहीं, प्रति शिक्षक शोध पत्र के मानक पर 85.9 अंक के साथ विश्वविद्यालय 149वें स्थान पर रहा। शोध पत्रों पर उद्धरण के मामले में 64.7 अंक तथा अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क के मानक पर 39.9 अंक प्राप्त हुए।इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के सामूहिक परिश्रम एवं समर्पण का परिणाम है। शोध के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का बेहतर प्रदर्शन उसकी निरंतर बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय पहचान को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में शिक्षण एवं शोध की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।विश्वविद्यालय की आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि क्यूएस रैंकिंग में विश्वविद्यालय का बेहतर प्रदर्शन शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के साझा प्रयासों का प्रतिफल है। कुलपति के मार्गदर्शन और सभी संबंधित सदस्यों के सहयोग से यह सकारात्मक बदलाव संभव हो सका है।उल्लेखनीय है कि क्यूएस रैंकिंग में विश्वविद्यालय की स्थिति बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक विशेष समिति गठित की गई थी। इसमें प्रो. शिल्पी वर्मा, प्रो. राजशरण शाही, डॉ. राहुल वार्ष्णेय, डॉ. शालिनी चंद्रा, डॉ. सोमीपेम आर. शिमरे, डॉ. अखिलेश सिंह और डॉ. नीतेश कुमार वर्मा शामिल थे। समिति की ओर से दिए गए सुझावों के आधार पर विश्वविद्यालय ने विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब रैंकिंग में दिखाई दे रहा है।
