गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को भारी बारिश के बीच उपजिलाधिकारी मिहींपुरवा मोनालिसा जौहरी ने क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा पहुप सिंह व संबंधित अधिकारियों के साथ गायघाट स्थित सरयू नदी के तट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विसर्जन को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।एसडीएम ने घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, आवागमन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पर्याप्त सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।निरीक्षण के बाद एसडीएम ने भारी बारिश के बीच क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित और जलभराव वाले इलाकों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर जलभराव की स्थिति और आवागमन की व्यवस्था देखी। संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने तथा आमजन की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।