
बरहज रेलवे स्टेशन के पीछे 10.638 किलो गांजा बरामद,
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरहज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 10 किलो 638 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की तड़के मुखबिर से सूचना मिली थी कि दिलीप पाण्डेय अपने साथियों के साथ गांजे की तस्करी के सिलसिले में बरहज रेलवे स्टेशन के पीछे मंदिर के पास पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुमित कान्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 2:54 बजे बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने मौके से अजीत गौड़ (26), विनोद पाण्डेय (45) और दिलीप पाण्डेय (40) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से कुल 10 किलो 638 ग्राम गांजा बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
मामले में थाना बरहज में मु0अ0सं0 324/2026 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में बिहार के भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के एकवारी निवासी प्रिंस शर्मा को भी नामजद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
दिलीप पाण्डेय, पुत्र शिव प्रकाश पाण्डेय, निवासी बरसात, थाना बरहज, देवरिया।विनोद पाण्डेय, पुत्र दिग्विजय नाथ पाण्डेय, निवासी सेडुआ पकड़ी बाजार, थाना मदनपुर, देवरिया।अजीत गौड़, पुत्र राम प्रवीण गौड़, निवासी दुर्गीपुर, पोस्ट मुड़ियारी, थाना मनियर, बलिया।
पुलिस रिकॉर्ड में पूर्व आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, अजीत गौड़ के खिलाफ हलधरपुर, मऊ में एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। विनोद पाण्डेय के खिलाफ मदनपुर थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट और धारा 110(जी) के तहत मुकदमों का उल्लेख किया गया है।
वहीं, पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दिलीप पाण्डेय के खिलाफ भलुअनी, बरहज और खुखुन्दू थानों के अलावा मऊ और गोरखपुर जनपद में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुमित कान्त, उपनिरीक्षक रामलक्ष्मण सिंह, हेड कांस्टेबल पवन मद्देशिया, कांस्टेबल अविनाश गुप्ता, राजन सिंह, सर्वेश यादव तथा रिजर्व कांस्टेबल प्रभात पाल, अजहर हुसैन और हर्ष यादव शामिल रहे।
