महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जनपद भर में अवैध खनन व ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके क्रम में थाना घुघली पुलिस को अहम सफलता मिली है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में 16 अप्रैल 2026 को घुघली पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो डंफर वाहन संख्या- UP57AT5376 और UP57AT4202 तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहन संख्या UP57BN2285 को रोककर जांच की। जांच के दौरान तीनों वाहनों में ओवरलोड लाल मिट्टी लदी पाई गई, जो अवैध रूप से परिवहन की जा रही थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया। साथ ही मामले की जानकारी खनन विभाग को भी दे दी गई है, ताकि संबंधित के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा सके।
कार्रवाई के दौरान तीनों वाहनों के चालकों की पहचान भी की गई, जिनमें शेषनाथ पुत्र गंगा यादव निवासी अकटंई भरपुरवां, थाना जटहां बाजार, जनपद कुशीनगर,अरविंद पटेल पुत्र ओम प्रकाश पटेल निवासी बेलभरियां, थाना जटहां बाजार, जनपद कुशीनगर; तथा सुदामा यादव पुत्र रामा यादव निवासी रायपुर फुलवरिया, थाना नेंबुआ नौरंगिया, जनपद- कुशीनगर शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनीत कुमार राय, कांस्टेबल रतन जायसवाल एवं कांस्टेबल उज्ज्वल दीक्षित की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस टीम की तत्परता और सजगता के चलते अवैध खनन से जुड़े इस मामले का समय रहते खुलासा हो सका।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
