बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा, शांति व्यवस्था और प्रभावी समन्वय को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नेपालगंज, बांके (नेपाल) में नेपाल-भारत बॉर्डर डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेशन बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में नेपाल राष्ट्र के बांके व बर्दिया तथा भारत के बहराइच जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों देशों के राष्ट्रगान से हुई।
सीमा सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर मंथन
बैठक में सीमा स्तंभों की सुरक्षा व रखरखाव, नो-मेंस लैंड की पवित्रता बनाए रखने, मानव तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, नकली मुद्रा, अवैध व्यापार और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी ने भारत-नेपाल के ऐतिहासिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि खुली और वनाच्छादित सीमा दोनों देशों के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए सतत निगरानी और समन्वित कार्रवाई आवश्यक है।
ये भी पढ़े – नवानगर की प्रधान शीला सिंह का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
संयुक्त गश्त और सूचना आदान-प्रदान पर सहमति
बैठक में सीमा से सटे संवेदनशील एवं वन क्षेत्रों में संयुक्त एवं सघन गश्त बढ़ाने, रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने पर सहमति बनी। सीमा शुल्क, वन, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अवैध तस्करी पर संयुक्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
पुलिस अधीक्षक बहराइच राम नयन सिंह ने सीमा पार सक्रिय आपराधिक नेटवर्क के विरुद्ध लक्षित कार्रवाई, थाना-चौकी स्तर पर नियमित संपर्क और फील्ड स्तर पर एसएसबी व सशस्त्र पुलिस बल के बीच फ्लैग मीटिंग आयोजित करने पर बल दिया।
नेपाल के चुनाव 2026 में सहयोग का आश्वासन
बैठक में नेपाल में प्रस्तावित संघीय संसदीय चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सकुशल सम्पन्न कराने में हर संभव सहयोग प्रदान करने पर भी सहमति बनी। नेपाल पक्ष के अधिकारियों ने भी आपात परिस्थितियों में त्वरित समन्वय और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में दोनों देशों के अधिकारियों ने स्मृति चिन्हों का आदान-प्रदान किया और फोटो सेशन में भाग लिया।
