Tuesday, February 3, 2026
HomeNewsbeatकिसान हित में सख्ती, जमीनी स्तर पर पहुंचे डीएम

किसान हित में सख्ती, जमीनी स्तर पर पहुंचे डीएम

औरैया (राष्ट्र की परम्परा)l शासन की मंशा के अनुरूप किसानों की भूमि को एकीकृत रूप से प्रदर्शित करने और उन्हें सरकारी योजनाओं, सब्सिडी एवं लाभकारी कार्यक्रमों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे किसान पंजीकरण अभियान की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने विकास खंड अछल्दा के ग्राम नगला धुन्धे का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से सीधे संवाद कर किसान पंजीकरण एवं फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित ग्राम के लेखपाल द्वारा पंजीकरण प्रक्रिया में अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है तथा अधिकांश कार्य सहायक के भरोसे छोड़ा गया है। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम डॉ. त्रिपाठी ने मौके पर उपस्थित नायब तहसीलदार बिधूना को निर्देशित किया कि संबंधित लेखपाल धीरेंद्र सिंह के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाए तथा उसका अंकन सेवा अभिलेखों में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान पंजीकरण शासन की प्राथमिकता में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि पंजीकरण पूर्ण होने के बाद उन्हें फसल बीमा, किसान सम्मान निधि, खाद-बीज सब्सिडी एवं अन्य योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। उन्होंने राजस्व कर्मियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराया जाए।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार अछल्दा, संबंधित लेखपाल, राजस्व कर्मी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि किसान हितों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments