गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। युवा चेतना समिति, गोरखपुर के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर 25वां स्वर्ण पदक सम्मान समारोह 3 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे गोकुल अतिथि भवन के सभागार में आयोजित होगा। समारोह में समाज, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्योगपति अतुल सर्राफ शामिल होंगे।
कर्मवीर सम्मान 2025 समाजसेवी राजेश सिंह दयाल (देवरिया) को तथा श्रमवीर सम्मान 2025 रोजगार सृजन में योगदान के लिए आर. एन. सिंह, अध्यक्ष चेम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज, गोरखपुर को दिया जाएगा। सशक्त नारी शक्ति सम्मान कौशल्या देवी को प्रदान किया जाएगा।
चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. बिट्ठल दास मोदी सम्मान से डॉ. आर. एन. सिंह (शिशु रोग विशेषज्ञ) और डॉ. कमलेश श्रीवास्तव (अरोड़ा) सम्मान से वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता मोदी को सम्मानित किया जाएगा।
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राम कठिन सिंह (मऊ) को डॉ. अर्चना सिंह साहित्य शिखर सम्मान तथा शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. तेज प्रताप सिंह को डॉ. रामरक्षा पाण्डेय स्मृति सम्मान प्रदान किया जाएगा। लोकगायक राम दरस को संगीत शिखर सम्मान और वरिष्ठ रंगकर्मी रवि शंकर खरे को नाटक कला शिखर सम्मान मिलेगा।
वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश मोहन सरकार को विधि व्यवसाय शिखर सम्मान, वरिष्ठ रंगकर्मी रीना श्रीवास्तव को नारी शक्ति सम्मान तथा समाज सेवा में दीर्घकालिक योगदान के लिए पुष्प दंत जैन को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया जाएगा। प्रो. अनुभूति दूबे को युवा चेतना रजत जयंती सम्मान से नवाजा जाएगा।
खेल जगत में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को पूर्वांचल खेल भूषण पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों को पूर्वांचल खेल निधि पुरस्कार तथा उदीयमान खिलाड़ियों को पूर्वांचल युवा चेतना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह का दूसरा सत्र सायं 7 बजे आयोजित होगा, जिसमें सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत स्थानीय कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इस सत्र की मुख्य अतिथि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन होंगी, जबकि अध्यक्षता रणविजय सिंह करेंगे।
आयोजन की जानकारी प्रेस वार्ता में समिति पदाधिकारियों ने दी और विश्वास जताया कि यह समारोह समाज में सेवा, उत्कृष्टता और रचनात्मक चेतना को नई दिशा देगा।
