Wednesday, February 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसैनिक से साधक तक का प्रेरक जीवन: स्व. कैप्टन अंबिका प्रसाद गुप्ता...

सैनिक से साधक तक का प्रेरक जीवन: स्व. कैप्टन अंबिका प्रसाद गुप्ता को मंदिर समिति ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सदर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भिसवां में स्वर्गीय कैप्टन अंबिका प्रसाद गुप्ता के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही न केवल गांव, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की गईं। वे ऐसे व्यक्तित्व के धनी थे, जिनका जीवन देशसेवा, समाजसेवा और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम रहा।

कैप्टन अंबिका प्रसाद गुप्ता ने अपने सैन्य जीवन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को सर्वोच्च स्थान दिया। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका सक्रिय और सेवा-भाव से परिपूर्ण जीवन निरंतर चलता रहा। वे ग्राम भिसवां स्थित भिसवां मंदिर समिति के वरिष्ठतम सदस्य थे और वर्षों तक मंदिर के विकास, विस्तार एवं सुव्यवस्थित संचालन में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, धार्मिक आयोजनों की मर्यादा तथा सामूहिक सहभागिता को सुदृढ़ करने में उनका मार्गदर्शन मंदिर समिति के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक बना रहा। उनका सादा जीवन, स्पष्ट विचार और निःस्वार्थ सेवा भाव आज भी ग्रामवासियों एवं समिति सदस्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि उनके निधन से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई कर पाना अत्यंत कठिन है। स्वर्गीय कैप्टन अंबिका प्रसाद गुप्ता की आत्मा की शांति के लिए रविवार, 14 दिसंबर को सायं 7 बजे मंदिर समिति द्वारा मंदिर परिसर में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रार्थना सभा में वक्ताओं ने उनके जीवन को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और आध्यात्मिक समर्पण का अनुपम उदाहरण बताया तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments