जम्मू/कटरा (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। लंबे इंतज़ार के बाद श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित विश्वप्रसिद्ध माँ वैष्णो देवी मंदिर यात्रा बुधवार से पुनः शुरू हो गई है। लगातार भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से 22 दिनों तक बंद रहने वाली यह पवित्र यात्रा अब भक्तों के लिए खोल दी गई है।
मंदिर के कपाट खुलते ही जय माता दी के नारों से वातावरण गूंज उठा। देशभर से आए श्रद्धालु बेस कैंप कटरा से दर्शन के लिए निकल पड़े। श्रद्धालुओं ने कहा कि इतने लंबे इंतज़ार के बाद माता के दर्शन करना उनके जीवन का सौभाग्य है।
प्रशासन की तैयारियां
श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने यात्रा शुरू होने से पहले ट्रैक की पूरी सुरक्षा जांच और सफाई करवाई। भूस्खलन से प्रभावित हिस्सों की मरम्मत पूरी कर दी गई है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों ने भी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं में उमंग
कटरा और भक्ति पथ पर रुके श्रद्धालु जैसे ही यात्रा पुनः शुरू होने की घोषणा सुनी, उनके चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। मंदिर और आसपास का माहौल भक्तिमय हो गया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा को अपनी आस्था और विश्वास का प्रतीक मानते हैं।
आर्थिक और धार्मिक महत्व
माँ वैष्णो देवी यात्रा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार से भी सीधी जुड़ी हुई है। यात्रा के फिर से शुरू होने से कटरा के व्यापारी, होटल कारोबार और परिवहन सेवा से जुड़े लोगों में भी उत्साह लौट आया है।
