
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा महाव नाले का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत बरगदवां,खैंरहवां दूबे और हरपुर के बीच तटबंध के संवेदनशील बिंदुओं का निरीक्षण किया। साथ ही देवघट्टी में कटान स्थल पर किए गए अनुरक्षण कार्यों को भी देखा और तटबंध की ऊंचाई की बढ़ाने का निर्देश दिया। एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर पूरे तटबंध का स्थलीय निरीक्षण करवा लें, अगर कहीं भी तटबंध में समस्या दिखती है तो तत्काल अनुरक्षण कार्य को सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी संवेदनशील बिंदुओं पर बांस के पौधों की पाइलिंग व ब्रेसिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही समस्त तटबंध पर विटिवर ग्रास का रोपण करने का निर्देश ताकि तटबंधों को मजबूत किया जा सके और कटान को रोका जा सके। अतिरिक्त सिल्ट को सैंड बैग के रूप में संवेदनशील बिंदुओं पर भंडारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने रेन कट सहित संवेदनशील बिंदुओं पर रिसाव रोकने हेतु पॉलीथीन शीट लगवाने का निर्देश दिया। तटबंध के संवेदनशील बिंदुओं पर पशुओं के आवागमन को रोकने के लिए अवरोधक लगाने का निर्देश दिया, जिससे तटबंध कि नुकसान होने से बचाया जा सके। तटबंध के लगभग 02 किमी हिस्से का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हर उस बिंदु को देखा, जहां पर अनुरक्षण कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें कि महाव के संपूर्ण तटबंध की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस सन्दर्भ में सभी नोडल अधिकारियों के माध्यम से संबंधित तटबंधों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया। बाढ़ चौकियों की जांच हेतु निर्देशित करते हुए कहा कि सुनिश्चित कर लें कि सभी बाढ़ चौकियों पर आवश्यक इंतजाम रहे। कहा कि बाढ़ निरोधक और तटबंध अनुरक्षण कार्यों में तनिक भी शिथिलता न हो। अगर किसी के द्वारा शिथिलता बरती जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्य किया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, तहसीलदार नौतनवा कर्ण सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, सहायक अभियंता सिंचाई द्वितीय जितेंद्र कुमार पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
