मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ जनपद के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। नगर पालिका परिषद मऊ क्षेत्र के लिए आयोजित यह कार्यक्रम बहुद्देशीय भवन मंगलम में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ए.के. शर्मा ने कहा कि आज़ादी के बाद पहली बार केंद्र सरकार ने गरीब और वंचित वर्ग की बुनियादी जरूरतों—रोटी, कपड़ा और मकान—को प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध तरीके से समाधान किया है। उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, जो सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नगर पालिका परिषद मऊ क्षेत्र में करीब 2000 लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रथम किस्त की धनराशि भेजी जा चुकी है। इनमें बड़ागांव और काझाखुर्द क्षेत्र की लगभग 650 महिलाएं शामिल हैं, जिन्हें स्वयं मंत्री द्वारा स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
मंत्री ए.के. शर्मा ने पीओ डूडा को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही आवास निर्माण के साथ नाली, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी महिलाओं ने योजना का लाभ मिलने पर खुशी जताई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
