गैस न मिलने की शिकायत पर डीएम ने एजेंसी जांच के दिए आदेश
दूसरे की सरसों की फसल काटने के आरोप पर एफआईआर के निर्देश
बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील बांसडीह में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। संपूर्ण समाधान दिवस में पेंशन, राशन कार्ड, नाली निर्माण, अवैध भूमि कब्जा, वरासत तथा गैस वितरण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। इनमें सबसे अधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित रहे। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इस समाधान दिवस में कुल 55 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
सुनवाई के दौरान कई
शिकायतकर्ताओं ने गैस न मिलने की समस्या भी उठाई। आरोप लगाया गया कि रुद्र भारत गैस एजेंसी द्वारा डिलीवरी का मैसेज भेजा जाता है, लेकिन उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिलता। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल एजेंसी संचालक को तलब कर कड़ी फटकार लगाई और जिला पूर्ति अधिकारी को जांच के आदेश दिए। साथ ही गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं शिकायतकर्ता नरेंद्र (पुत्र रामनाथ), निवासी सुल्तानपुर (ब्लॉक मनियर, तहसील बांसडीह) ने आरोप लगाया कि गांव ताहिरपुर के कुछ लोगों ने उनकी सरसों की फसल जबरन काटकर उठा ली। इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बांसडीह को मौके पर जांच के निर्देश दिए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को कहा।इस अवसर पर एसडीएम बांसडीह, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
