Friday, July 24, 2026
HomeNewsbeat45वें दीक्षांत समारोह से पहले गांवों में प्रतिभा का उत्सव, 'मेरी मां'...

45वें दीक्षांत समारोह से पहले गांवों में प्रतिभा का उत्सव, ‘मेरी मां’ विषय पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह के तहत गोद लिए गए गांवों में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को पिपराइच ब्लॉक के खडराईच स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में ‘मेरी मां’ विषयक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पोस्टर/चित्रकला, भाषण, कहानी कथन और निबंध प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता का विषय ‘मां और मेरा परिवार’ रखा गया था, जिसमें कक्षा छह की वैष्णवी ने प्रथम और कक्षा आठ के राज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ‘मां की दुआओं का असर’ विषय पर आयोजित कहानी कथन प्रतियोगिता में कक्षा छह की अंशिका प्रथम तथा आयशा खातून द्वितीय रहीं। वहीं ‘मेरी मां, मेरी प्रेरणा’ विषय पर हुई भाषण प्रतियोगिता में कक्षा सात की रूमा ने पहला और कक्षा छह की प्रिया ने दूसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. नुपुर सिंह, डॉ. तरहां अंसारी, बलेन्दर यादव, विनीत सिंह और राजेन्द्र मौर्य उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुलिका मिश्रा के साथ किरण सिंह, सरिता चौधरी, मीना मिश्रा और नयनतारा पाण्डेय ने आयोजन में सहयोग किया।
गोद लिए गए गांवों में आयोजित सभी कार्यक्रम प्रो. सत्यपाल सिंह के निर्देशन में संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और संस्कारों का विकास करती हैं तथा जीवन भर याद रहने वाली प्रेरणादायक स्मृतियां बनाती हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं से चयनित चार विजेता विद्यार्थियों को 45वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने वीडियो संदेश के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments