संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में 22 फरवरी 2026, रविवार को हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद में प्रस्तावित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए लाभार्थीपरक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सुनील कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा शिविर स्थल पर विभागीय स्टॉल लगाकर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और एक ही स्थान पर विधिक परामर्श व सहायता उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों से लाभार्थियों की सूची तैयार कर शिविर के दिन उपलब्ध कराने को कहा गया है।
बैठक में समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बाल विकास, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, कृषि, पिछड़ा वर्ग कल्याण, पंचायती राज, उद्योग, मत्स्य, पशुपालन, श्रम, युवा कल्याण, चिकित्सा, डूडा, प्रोबेशन, नेडा समेत अन्य विभागों को सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
