संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। केंद्र सरकार के 11 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नव निर्माण के 09 वर्ष कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के विकास भवन परिसर स्थित डीपीआरसी हॉल में नौ दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी विभागों द्वारा प्रदर्शनी, मेला एवं योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की गई है।
इसी क्रम में यूपीनेडा विभाग द्वारा डीपीआरसी हॉल में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित अन्य योजनाओं की उपलब्धियों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया, जिनके आवास पर संबंधित एजेंसियों एवं वेंडरों द्वारा सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों को योजना की उपयोगिता, लाभ एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, योजना के सफल क्रियान्वयन के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर महेश मौर्य एवं उनके दल द्वारा लोकगीतों के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया, जिससे कार्यक्रम आकर्षक एवं जनजागरूकता से परिपूर्ण रहा।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी यूपीनेडा अरविंद कुमार वर्मा, सहायक अभियंता विद्युत विभाग मुकेश गुप्ता, सोलनोवा कंपनी के प्रतिनिधि राहुल मिश्रा, प्रगति एंटरप्रेन्योर के वेंडर गुरुदत्त सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
