Monday, February 23, 2026
HomeNewsbeatहोली-ईद को लेकर पीस कमेटी बैठक: गाइड लाइंस पालन और सौहार्द बनाए...

होली-ईद को लेकर पीस कमेटी बैठक: गाइड लाइंस पालन और सौहार्द बनाए रखने पर जोर

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। आगामी होली और ईद पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा तथा पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने की, जिसमें विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध जनों और अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आयोजक शासन द्वारा जारी गाइड लाइंस का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा किसी भी दशा में गैर-परम्परागत आयोजन या जुलूस न निकालें। उन्होंने निर्धारित रूट चार्ट और समय सारिणी का पालन सुनिश्चित करने के साथ जुलूस में शामिल लोगों की पूर्व पहचान करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में आयोजकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व हमारी परंपरा की पहचान हैं, इसलिए इन्हें मर्यादा और आपसी सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर प्रशासन की सतत निगरानी का उल्लेख करते हुए उन्होंने आपत्तिजनक पोस्ट से बचने की चेतावनी दी। साथ ही होलिका दहन सुरक्षित स्थानों पर करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और सीओ को थानों पर संयुक्त बैठक कर लोगों को आवश्यक जानकारी देने, जुलूस मार्गों पर विद्युत खंभों और तारों का सर्वे कर मरम्मत कराने तथा होलिका स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने को कहा। प्रमुख स्थलों पर मेडिकल टीम तैनाती और ग्रामीण-नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने दोनों समुदायों से भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि लाउडस्पीकर निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बजाए जाएं और जुलूसों से अराजक तत्वों को दूर रखा जाए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक 10 गांव पर मोबाइल टीम तैनात की गई है, जो किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेगी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ जवाबदेही तय करने की भी बात कही।
बैठक में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन शमशुल हुदा ने किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, सभी एसडीएम-सीओ सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments