जिले के चार थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरियों का खुलासा- नेपाल में बेच दी थीं कई बाइकें,दो मोटरसाईकिल और नकदी बरामद
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। भारत-नेपाल सीमा का फायदा उठाकर चोरी की मोटरसाइकिलों को नेपाल में खपाने वाले एक अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का सोनौली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और 10,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपितों की निशानदेही और पूछ-ताछ में जिले के चार थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस अब सीमा पार फैले उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सोनौली महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार वाहन चोरों और वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी।
जानकारी के अनुसार बुधवार को उप- निरीक्षक पंकज कुमार सिंह अपनी टीम के साथ सोनौली कस्बे में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान भारतीय स्टेट बैंक के पास तीन युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और 10,200 रुपये नकद बरामद हुए। थाने लाकर की गई पूछ- ताछ में आरोपितों ने चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पूछ-ताछ में सामने आया कि गिरोह का मुख्य काम जिले के विभिन्न इलाकों से मोटरसाईकिल चोरी कर उन्हें नेपाल ले जाकर बेचना था। आरोपित चोरी के वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदल देते थे या हटा देते थे। नेपाल में कम कीमत पर वाहन बेचकर जो रकम मिलती थी, उसे आपस में बांट लिया जाता था। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि चोरी की बाइक बेचकर मिले पैसों से वे नेपाल में शराब पीते थे और कसीनो में जुआ खेलते थे। बरामद हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल U P 56 AE- 12 23 थाना पनियरा क्षेत्र से चोरी की गई थी, जबकि यामाहा आर-15 बाइक बगैर नंबर प्लेट थाना भिटौली क्षेत्र से चुराई गई थी। इसके अलावा आरोपितों ने थाना घुघली क्षेत्र से एक हीरो एचएफ डीलक्स तथा थाना परसा मलिक क्षेत्र से एक बुलेट मोटरसाईकिल चोरी कर नेपाल में बेचने की बात भी स्वीकार की है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार युवक सीमावर्ती क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर चोरी के वाहनों को आसानी से नेपाल पहुंचा देते थे। पुलिस का मानना है कि गिरोह काफी समय से सक्रिय था और जिले के कई थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरियों के पीछे इसी नेटवर्क का हाथ हो सकता है। यही कारण है कि पुलिस अब इनके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों और नेपाल में चोरी के वाहन खरीदने वालों की भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल दुसाध 23 वर्ष, जितेन्द्र कुमार 28 वर्ष और दुर्गेश दुसाध 19 वर्ष निवासी जंगल बड़हरा, थाना पनियरा के रूप में हुई है। तीनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और संगठित तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध थाना सोनौली में मुकदमा दर्ज कर महराजगंज न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम उप-निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उप-निरीक्षक अरविन्द कुमार, हेड कांस्टेबल हरिवंश कुमार यादव, कांस्टेबल रविकांत उपाध्याय, अनूप मिश्रा एवं संदीप निषाद की भूमिका सराहनीय रही।
जैतीपुर थाने में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई विवेचना निस्तारण के नाम पर मांगी…
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में कंसोर्टियम फॉर एजुकेशनल कम्युनिकेशन (सीईसी)…
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। संभावित बाढ़ आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित…
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में…
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला पुस्तकालय समिति…
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय तथा चुलालोंगकोर्न विश्वविद्यालय, बैंकॉक (थाईलैंड) के संयुक्त…