नोएडा में फिनटेक कंपनी का सर्वर हैक, 2.42 करोड़ रुपये की साइबर ठगी497 लेनदेन के जरिए 58 बैंक खातों में पहुंचाई रकम, साइबर क्राइम टीम जांच में जुटी
नोएडा (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। नोएडा में साइबर अपराधियों ने एक फिनटेक कंपनी के सर्वर और एपीआई पोर्टल में सेंध लगाकर कंपनी के खाते से 2.42 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। मामले में कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) शैव्या गोयल के अनुसार, शिकायतकर्ता राजकुमार ‘रिनोवा पेटेक प्राइवेट लिमिटेड’ की ओर से पुलिस के पास पहुंचे थे। शिकायत में बताया गया कि 13 सितंबर को दोपहर बाद से रात करीब आठ बजे के बीच साइबर जालसाजों ने कंपनी के सर्वर को निशाना बनाया।आरोप है कि सर्वर में सेंध लगाने के बाद अपराधियों ने एपीआई पोर्टल का इस्तेमाल करते हुए कंपनी के खाते से 2,42,65,576 रुपये निकाल लिए। रकम को 497 अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से 28 बैंकों के 58 खातों में स्थानांतरित किया गया।‘रिनोवा पेटेक प्राइवेट लिमिटेड’ मोबाइल रिचार्ज, बिल भुगतान, आधार आधारित नकद निकासी और घरेलू धन हस्तांतरण जैसी डिजिटल वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराती है।डीसीपी ने बताया कि साइबर अपराध शाखा की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि रकम किन-किन बैंक खातों में भेजी गई और प्रत्येक खाते में कितनी राशि पहुंची। पुलिस लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग विवरणों की भी जांच कर रही है।
