28 यूनिट रक्तदान कर दिया मानवता और सेवा का संदेश

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद कारसेवक राम कोठारी एवं शरद कोठारी बंधुओं की पावन स्मृति में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में हुतात्मा दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया स्थित ब्लड बैंक में आयोजित इस शिविर में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 28 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम का नेतृत्व बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ मणि त्रिपाठी ‘भानु’ ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य रजनी पटेल एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्र द्वारा फीता खोलकर किया गया। शिविर में सर्वप्रथम पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रशांत मिश्रा ने रक्तदान कर इस पुनीत अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर सदर विधायक श्री शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि हुतात्मा कारसेवकों की स्मृति में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित करना अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल है। रक्तदान महादान है और इससे बढ़कर मानव सेवा का कोई दूसरा माध्यम नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जब भी देश, जिला अथवा समाज को उनके रक्त की आवश्यकता होगी, वे सदैव सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती रजनी पटेल ने रक्तदान को अत्यंत पुनीत कार्य बताते हुए कहा कि रक्तदान को महादान की श्रेणी में रखा गया है। मेडिकल कॉलेज में अब ऐसी आधुनिक व्यवस्था विकसित की गई है, जिसके माध्यम से एक यूनिट रक्त से तीन जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त के घटक तैयार किए जा सकते हैं। इससे एक रक्तदाता के योगदान से तीन लोगों का जीवन बचाने में सहायता मिल सकती है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
बजरंग दल के प्रांत संयोजक दुर्गेश प्रताप राव ने हुतात्मा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस उन वीर कारसेवकों के अद्वितीय बलिदान को स्मरण करने और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर है। रक्तदान शिविर के माध्यम से संगठन बलिदान, सेवा, समर्पण एवं मानवता के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख वंशराज पाण्डेय, प्रांत गौ रक्षा प्रमुख तारकेश्वर शाही, जिला सह मंत्री जय शिव, जिला उपाध्यक्ष पवन जायसवाल ‘दीपू’, जिला धर्म प्रसार प्रमुख पवन जायसवाल, जिला सेवा प्रमुख राजेश, बजरंग दल के प्रांत संयोजक दुर्गेश प्रताप राव, नगर संयोजक मिथिलेश सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इन कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान

शिविर में बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ मणि त्रिपाठी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रशांत मिश्रा, प्रांत संयोजक दुर्गेश प्रताप राव, राधेश्याम शर्मा, दिनेश्वर पाण्डेय, नगर संयोजक मिथिलेश सिंह, आदिदेव मिश्रा, अमित तिवारी, अजीत मिश्रा एवं जिला उपाध्यक्ष पवन कुमार जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा के इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
अंत में बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ मणि त्रिपाठी ‘भानु’ ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद कोठारी बंधुओं की स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके बलिदान को सेवा और समर्पण के माध्यम से नमन करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बजरंग दल सदैव समाजहित, मानव सेवा एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहेगा। रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद को नया जीवन देना ही शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।