Tuesday, April 21, 2026
HomeNewsbeatरामुडीह में गेहूं के डंठल में लगी आग से पांच बच्चे झुलसे

रामुडीह में गेहूं के डंठल में लगी आग से पांच बच्चे झुलसे

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर मौके पर पहुंचे, तत्काल इलाज की व्यवस्था

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)l रामुडीह गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब खेत में पड़े गेहूं के सूखे डंठलों में लगी आग की चपेट में आकर रास्ते से गुजर रहे पांच बच्चे झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, गेहूं की कटाई के बाद खेत में सूखे डंठल पड़े हुए थे, जिनमें अचानक आग लग गई। उसी दौरान पास के रास्ते से गुजर रहे पांच बच्चे आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाकर उन्हें बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर दीपक गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बिना देरी किए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए और एम्बुलेंस की व्यवस्था कराकर बच्चों को इलाज के लिए भेजा।
प्रशासन की तत्परता से चार बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
एसडीएम दीपक गुप्ता ने अस्पताल पहुंचकर भी बच्चों का हाल जाना और चिकित्सकों को समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि सूखे डंठलों में किसी चिंगारी या लापरवाही के चलते आग लगी होगी। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि फसल कटाई के बाद खेतों में पड़े सूखे अवशेषों में अक्सर आग लग जाती है, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में सतर्कता और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments