संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में भूजल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। भूजल सप्ताह के तहत शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल संवर्धन के प्रति जागरूक करेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूजल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि अभी से जल संरक्षण के प्रभावी उपाय नहीं अपनाए गए तो भविष्य में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन को अपनाने, तालाबों, नदियों और अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने, अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा भूजल के अनावश्यक दोहन को रोकने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 16 से 22 जुलाई तक मनाए जा रहे भूजल सप्ताह के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, विकासखंडों, नगर निकायों और जिला स्तर पर जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य आमजन को जल बचाने और भूजल संवर्धन के प्रति प्रेरित करना है।
जिलाधिकारी ने लोगों से “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई भी विकल्प” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह, सहायक अभियंता (लघु सिंचाई), वरिष्ठ हाइड्रोलॉजिस्ट, भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
