
सोहनपुर ओवरब्रिज के पास मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई, दोनों आरोपी नोनार पांडेय गांव के निवासी
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बनकटा पुलिस को चोरी के एक मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया वाटरपंप और गेहूं बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बनकटा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोहनपुर ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश गुप्ता (24) पुत्र सिंहासन गुप्ता तथा सूरज कन्नौजिया (19) पुत्र सिद्धू कन्नौजिया, निवासी ग्राम नोनार पांडेय, थाना बनकटा, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक हॉवेल्स कंपनी का एक हॉर्स पावर का सिंगल फेज वाटरपंप तथा दो प्लास्टिक की बोरियों में रखा चोरी का गेहूं बरामद किया है।इस मामले में थाना बनकटा में मु0अ0सं0 261/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी दुर्गेश गुप्ता का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध बनकटा थाने में वर्ष 2022 और वर्ष 2026 में दो अन्य मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार यादव, कांस्टेबल जितेश यादव और कांस्टेबल अभिषेक यादव शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
