बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l थाना क्षेत्र के बढ़ौना हर्दो चौराहे पर बच्चों के आपसी झगड़े को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक युवक सहित दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि बरहज थाना क्षेत्र के पैना एकड़गा निवासी मोहन चौहान दो दिन पूर्व देवसिया से इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर लौट रहा था। बरेजी पुल के पास कुछ लोगों ने किसी बात को लेकर उसकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना पीड़ित ने मईल थाने को दी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले में सुलह-समझौते के लिए वह रविवार सुबह करीब 10 बजे घर से मईल थाना जा रहा था। अभी वह बढ़ौना हर्दो चौराहे पर पहुंचा ही था कि पहले से घात लगाए बैठे दर्जनभर लोगों ने उस पर हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर घर की महिलाएं मौके पर पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
मारपीट में लालमोहन चौहान (18) पुत्र सूर्यनाथ चौहान, लालती देवी (55) पत्नी नंदलाल चौहान और कमलावती (50) पत्नी राजेंद्र चौहान घायल हो गए।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
