Wednesday, June 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रसूता की मौत को लेकर सीएचसी बरहज पर हंगामा, परिजनों ने लगाया...

प्रसूता की मौत को लेकर सीएचसी बरहज पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा) बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहज पर प्रसूता की मौत को लेकर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सीएचसी परिसर में रखकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराना बरहज वार्ड संख्या-9 निवासी सूरज बास्फोर पुत्र स्वर्गीय अशोक बास्फोर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी अनीता बास्फोर को प्रसव पीड़ा होने पर 8 तारीख की शाम को सीएचसी बरहज में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था।

परिजनों के अनुसार, नर्स द्वारा प्रसव कराया गया, जिसके दौरान कथित रूप से लापरवाही बरती गई। आरोप है कि प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। परिजनों ने दावा किया कि इसी दौरान बच्चेदानी फटने की स्थिति उत्पन्न हो गई।

स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीज को पहले महर्षि देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज और बाद में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजनों का कहना है कि गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर अनीता बास्फोर की मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने बुधवार को शव को सीएचसी बरहज परिसर में रखकर विरोध प्रदर्शन किया और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर भारी हंगामे की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने पहुंचकर समझा-बुझाकर शांत कराया।

इस मामले पर सीएचसी प्रभारी बी.एन. यादव ने कहा कि मरीज की हालत पहले से ही गंभीर थी, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस ने मामले में तहरीर प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments