संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। “न्याय चला निर्धन से मिलने” की भावना को साकार करते हुए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा भेजा गया 12 सीटर ‘फोर्स’ वाहन सोमवार को जनपद पहुंच गया। वाहन को जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसके उद्देश्य की सफलता की कामना की।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्याय सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए न्याय रथ भेजे जा रहे हैं। संत कबीर नगर में इसके आगमन से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और न्यायिक परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
न्याय रथ का मुख्य उद्देश्य जिले के दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श और न्याय संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर न्याय मिल सके।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नासिर अहमद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह, अपर जिला जज गजेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, न्यायिक अधिकारी अशोक कसौधन, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव, नाजिर बृजेश सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
