Thursday, March 19, 2026
HomeNewsbeatनववर्ष एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकालकर स्वयंसेवकों ने दिया सुरक्षित जीवन...

नववर्ष एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकालकर स्वयंसेवकों ने दिया सुरक्षित जीवन और सकारात्मक संकल्पों का संदेश

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दिग्विजय नाथ पी.जी. कॉलेज, गोरखपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्तदिवसीय विशेष शिविर के पंचम दिवस का शुभारंभ मीराबाई छात्रावास स्थित दिग्विजय नाथ स्मृति सभागार में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती, महंत दिग्विजय नाथ एवं राष्ट्र संत अवैद्यनाथ की प्रतिमाओं पर पुष्पार्पण एवं माल्यार्पण के साथ की गई। इसके बाद लक्ष्य गीत एवं प्रार्थना सभा के माध्यम से सेवा, अनुशासन और समर्पण का संदेश दिया गया।
इसके उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा नववर्ष एवं सड़क सुरक्षा थीम पर आधारित जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश सिंह, आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. परीक्षित सिंह एवं प्रॉक्टर डॉ. राम प्रसाद यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के जरिए आमजन को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित जीवनशैली तथा नववर्ष में सकारात्मक संकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
सहज योग टीम, गोरखपुर द्वारा आयोजित विशेष सत्र में डॉ. राजेश राज, राजेश श्रीवास्तव एवं नीलम राज ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डाला तथा स्वयंसेवकों को अभ्यास भी कराया। इस सत्र ने प्रतिभागियों को मानसिक शांति, आत्म-संतुलन एवं आंतरिक ऊर्जा के महत्व से परिचित कराया।
इसके बाद “विकसित भारत 2047” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता के जरिए युवाओं में सृजनात्मक सोच और जागरूकता को प्रोत्साहन मिला।
दोपहर के बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. निरंकार राम त्रिपाठी उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी सहायक आचार्य जितेन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रदीप यादव ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. निधि राय, डॉ. पीयूष सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों का सराहनीय सहयोग रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments