गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आगामी सम सेमेस्टर परीक्षाओं के आयोजन को लेकर प्रशासनिक भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने की, जिसमें संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय में परास्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 6 अप्रैल से शुरू होंगी। इसी अवधि में प्राइवेट परीक्षाओं का भी आयोजन कराया जाएगा, ताकि सभी परीक्षाएं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जा सकें।
इसके अलावा स्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 अप्रैल से प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षाओं की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि विज्ञान संकाय की प्रायोगिक परीक्षाएं 15 मार्च से शुरू होंगी। सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि आंतरिक मूल्यांकन के अंक निर्धारित समयसीमा के भीतर विश्वविद्यालय पोर्टल पर अपलोड कर दें।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता शैक्षणिक कैलेंडर का पूर्ण पालन सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी संकायों और विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षाएं पारदर्शी, सुचारु और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सकें तथा विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीडीयू: 6 अप्रैल से परास्नातक और 15 अप्रैल से स्नातक सम सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू
RELATED ARTICLES
