पिता को खाना पहुंचाकर लौटते समय सेमरा घाट पर हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सेमरा घाट सुबह टोंस नदी में स्नान करने के दौरान 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और किशोर की तलाश में जुट गई। काफी प्रयास के बावजूद खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था। बेटे के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, सागरपाली के अराजी माफी निवासी भरत यादव का पुत्र शिवम उर्फ गोलू यादव (16) रोज की तरह सेमरा घाट से टोंस नदी पार कर दियारा क्षेत्र में खेती कर रहे अपने पिता को खाना पहुंचाने गया था। खाना पहुंचाने के बाद लौटते समय वह सेमरा घाट पर नदी में स्नान करने लगा। इसी दौरान पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।काफी देर तक शिवम के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच नदी के आसपास मौजूद मछुआरों को किशोर के डूबने की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों ने भी नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी। घटना की सूचना फैलते ही घाट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी बदहवास हालत में घाट पर पहुंचे और बेटे की तलाश में जुटे लोगों से जानकारी लेते रहे।घटना की सूचना पर थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। किशोर की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि नदी में डूबे किशोर की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
