
रांची (झारखंड), (राष्ट्र की परम्परा) झारखंड में भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां बारिश के कारण एक पुराना कुआं ढह गया और दो स्कूली छात्र मिट्टी में दब गए। दोनों छात्र घटना के समय कुएं के पास मौजूद थे।
खूंटी की उपायुक्त आर. रॉनिटा ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की एक टीम को तुरंत मौके पर तैनात कर दिया गया है और बुधवार रात से ही बचाव अभियान जारी है। हालांकि अब तक दोनों छात्रों का कोई पता नहीं चल पाया है।
बारिश के चलते तोरपा इलाके में एक नदी पर बना पुल भी ढह गया, जिससे खूंटी-सिमडेगा मार्ग बाधित हो गया है। उपायुक्त ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग से यातायात बहाल किया गया है और वहां भी NDRF की टीम मौजूद है।
इस बीच, रांची समेत राज्य के कई जिलों में भारी बारिश से सड़कें जलमग्न, स्कूल बंद और आम जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तरपूर्व झारखंड में बना निम्न दबाव का क्षेत्र इस भीषण बारिश का मुख्य कारण है। यह सिस्टम पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्रों से झारखंड की ओर बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे बेहद संवेदनशील रहेंगे।
राज्य प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक होने पर ही घर से निकलें और सतर्कता बरतें।
More Stories
पाकिस्तान के भरोसे कांग्रेस सत्ता पाने का ख़्वाब देख रही है : केशव प्रसाद मौर्य
गौरीबाजार में आवारा पशुओं से किसानों की फसल बर्बाद, धान की नर्सरी और सब्जियां नष्ट
उत्तर प्रदेश में मॉनसून की दस्तक, भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी