रात में हुए विवाद के बाद वारदात की आशंका,फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)।श्यामदेंउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वां उर्फ मुरकटियां टोला लंगड़ी में शुक्रवार सुबह घर के बाहर सो रही एक महिला की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटना-स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मृतका की पहचान रूक्मिणी 40 वर्ष पत्नी शिव नारायण निवासी कुड़वां उर्फ मुरकटियां टोला लंगड़ी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुरुवार रात गांव के कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ था। इसके बाद परिवार के लोगों ने भोजन किया और रूक्मिणी रोज की तरह घर के बाहर सो गईं। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो वह खून से लथपथ अवस्था में मृत मिलीं। उनके सिर पर किसी धारदार अथवा भारी वस्तु से किए गए गंभीर वार के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और प्रबल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेंउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना -स्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम भी मौके पर पहुंचे और घटना- स्थल का बारिकी से निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस प्रारंभिक जांच में गुरुवार रात हुए विवाद को भी अहम कड़ी मानकर जांच कर रही है। संदिग्ध लोगों से पूछ-ताछ की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
इस घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
