संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। CBSE परीक्षा 2026 मंगलवार से जिले में शुरू हो गई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं कड़ी निगरानी के बीच आयोजित की जा रही हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सुबह 10 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें ब्लूमिंग बड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय जगदीशपुर गौरा, जीआर एकेडमी देवडाड़ और एसआर इंटरनेशनल एकेडमी नाथनगर शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 4550 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 2707 और इंटरमीडिएट के 1843 छात्र शामिल हैं।
ये भी पढ़े – औरैया: त्योहारों से पहले प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित समय में कराई जा रही हैं। परीक्षार्थियों को आधा घंटा पहले केंद्र में प्रवेश दिया गया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
ब्लूमिंग बड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ईडी डीसी पांडेय व प्रधानाचार्य शैलेश त्रिपाठी बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। केंद्रों पर डेस्क स्लिप लगा दी गई हैं और बोर्ड के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।
