Monday, February 23, 2026
HomeNewsbeatउद्योग बन्धु की समीक्षा में निवेश और रोजगार सृजन को रफ्तार देने...

उद्योग बन्धु की समीक्षा में निवेश और रोजगार सृजन को रफ्तार देने पर जोर

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति, जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति एवं पीएम विश्वकर्मा जिला क्रियान्वयन समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगारपरक योजनाओं की प्रगति तथा निवेश से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
सदस्य सचिव/उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की जानकारी दी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सीएम युवा अभियान की अद्यतन स्थिति से अवगत कराते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के निर्देश दिए गए। प्रतिनिधि अग्रणी जिला प्रबंधक एसबीआई एवं उपायुक्त उद्योग को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत प्राप्त एमओयू एवं जीबीसी/5.0 के प्रस्तावों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद को 2000 करोड़ रुपये का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष 1107 करोड़ रुपये के प्रस्ताव जीबीसी रेडी पोर्टल पर दर्ज किए जा चुके हैं। अधिक से अधिक एमओयू हस्ताक्षरित कराने पर बल दिया गया, ताकि निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हो सके।
पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त सूची का भौतिक सत्यापन कर पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों की सूची उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराएं।
बैठक में बब्लू गुप्ता, शिव शंकर विश्वकर्मा सहित औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, उद्यमी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments