महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। मिठौरा ब्लाक क्षेत्र में विकास कार्यों की सुस्ती अब आमजन के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सिंदुरिया चौराहे से झनझनपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर अधूरी नाली निर्माण के चलते मंगलवार की शाम यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। करीब एक घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा, जिससे राहगीर, वाहन चालक और दुकानदार हलकान नजर आए।
सड़क पहले से ही संकरी है, ऊपर से नाली निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण रास्ता और सिकुड़ गया है। परिणामस्वरूप दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहनों तक को निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ी,जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
ये भी पढ़ें – इनायत नगर चौराहे पर जोरदार टक्कर! दो बाइकों की भिड़ंत में महिला समेत चार घायल
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि मंगलवार और शनिवार को साप्ताहिक बाजार लगने से इस मार्ग पर भीड़ सामान्य दिनों से कहीं अधिक रहती है। ऐसे में अधूरा निर्माण कार्य जाम की समस्या को और विकराल बना देता है। जाम के कारण ग्राहक बाजार तक समय से नहीं पहुंच पाते, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जाम की स्थिति के दौरान पुलिस की सक्रियता पर्याप्त नहीं रहती, जिससे हालात और बिगड़ जाते हैं। कई बार लोगों को खुद उतरकर ट्रैफिक संभालना पड़ता है।
ये भी पढ़ें – नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा बाजार के दिनों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या भविष्य में और गंभीर रूप ले सकती है।फिलहाल, अधूरी नाली और बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था क्षेत्रवासियों के लिए रोज का सिरदर्द बन चुकी है। अब देखना यह है कि प्रशासन कब जागता है और आमजन को इस जाम की जंजीरों से राहत दिलाता है।
