
शामली (राष्ट्र की परम्परा)। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। दोनों आरोपी अंकित बालियान हत्याकांड के बाद से पुलिस की तलाश में थे।
जानकारी के मुताबिक, यह पुलिस मुठभेड़ उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई। एनकाउंटर के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर सामने आई है।
परिवार से मिले थे डीएम और एसपी
इससे पहले शामली के डीएम आलोक यादव और एसपी एनपी सिंह अंकित बालियान के गांव बंतीखेड़ा पहुंचे थे। अधिकारियों ने अंकित के पिता सतवीर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था।
बताया जा रहा है कि हत्याकांड के बाद परिवार पुलिस की कार्रवाई से नाराज था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार दिन की मोहलत दी गई थी।
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच हरियाणा तक पहुंची
अंकित बालियान हत्याकांड के तार हरियाणा से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। मामले की जांच के लिए शामली और मेरठ पुलिस की टीमें हरियाणा के हिसार, रोहतक और करनाल सहित कई इलाकों में जांच कर रही हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्याकांड में शामिल आरोपी शूटर्स का संबंध इन जिलों से हो सकता है। पुलिस लगातार आरोपियों के नेटवर्क और उनके संपर्कों की जांच कर रही है।
चार बदमाशों ने मिलकर की थी फायरिंग
पुलिस जांच के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या करने के लिए कुल चार बदमाश मौके पर पहुंचे थे। चारों आरोपियों ने एक साथ अंकित बालियान पर गोलियां चलाई थीं।
सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध पीले रंग का गमछा पहने दिखाई दिए थे। फायरिंग के बाद आरोपी हरियाणा की दिशा में फरार होते नजर आए थे। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि भागते समय एक आरोपी किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत कर रहा था।
अंकित बालियान हत्याकांड में दो संदिग्धों के एनकाउंटर के बाद अब पुलिस की जांच अन्य फरार आरोपियों और इस हत्याकांड के पीछे मौजूद पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर केंद्रित है।