
जमीन से आसमान तक हर क्षेत्र में महिलाएं अग्रणी :कृषि मंत्री
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माननीय कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता एवं विधायक सदर शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक भाटपाररानी सभाकुंवर कुशवाहा, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की उपस्थिति में शनिवार को सीएमओ कार्यालय स्थित धनवन्तरि सभागार में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं का सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज देश के सर्वोच्च पद पर महिला विराजमान है। सनातन संस्कृति में प्राचीन काल से ही नारियो का सम्मान रहा है। मंडन मिश्रा की पत्नी भारती ने शास्त्रार्थ में शंकराचार्य को पराजित किया था। वर्तमान समय में महिलाएं सभी क्षेत्रों में अग्रणी हैं। जमीन से अंतरिक्ष तक महिलाओं ने अपना परचम फहराया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहनों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सशक्त हुई हैं। निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के चलते पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।
सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि निरंतर आगे बढ़कर विभिन्न क्षेत्रों में मिसाल कायम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिला सशक्तिकरण के लिए निरन्तर प्रयासरत हैं। मिशन शक्ति से महिलाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है।
भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा ने कहा कि जहां नारी की पूजा होती है वहां देवता रहते हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ से लिंगानुपात सुधरा। सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा की बेटियां खूब सपने देखे और खूब मेहनत करें। अभिभावक बच्चियों की क्षमता एवं सपने पर भरोसा करें और उन्हें खुले आसमान में उड़ान भरने के लिए प्रोत्साहित करे। बेटियां अपनी क्षमता को पहचाने। सीएमओ डॉ राजेश झा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्षा अलका सिंह, ब्लॉक प्रमुख तरकुलवा रामाशीष गुप्ता, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि डीपीओ प्रोबेशन अनिल सोनकर, डीपीओ आईसीडीएस आदिश मिश्रा, डीपीआरओ रतन कुमार सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इन महिलाओं का हुआ सम्मान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। जिन लोगों का सम्मान हुआ उनमें बीएसए शालिनी श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह, महिला आरोग्य समिति अध्यक्ष श्रीमती मनीता देवी, डीपीएम पूनम, सीएचसी सलेमपुर की महिला चिकित्साधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, सीएचसी रुद्रपुर की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ सुनीता कुशवाहा, गौरीबाजार सीएचसी की स्टॉफ नर्स मिनी पाण्डेय, आईसीडीएस से बाल विकास परियोजना अधिकारी सुषमा दुबे, संगीता राय, आंगनबाड़ी विंध्यवासिनी उपाध्याय, मीना जोशी, उधमी विभाग से प्रियंका पाण्डेय, आशा कुशवाहा, रजनी देवी, पुलिस विभाग से उप निरीक्षक कुमुद सिंह, प्रियंका मिश्रा, दीपा सिंह, अमृता द्विवेदी, अनीता यादव, महिला कल्याण विभाग से नीतू भारती, मीनू जायसवाल, चांदनी मिश्रा, सीमा जायसवाल, अंजनी द्विवेदी, पूनम, रश्मि पाण्डेय, एनआरएलएम से सुनीता जायसवाल, शशिप्रभा, इंदू श्रीवास्तव, विमला देवी सहित अन्य महिलाएं सम्मानित हुईं।
More Stories
अन्तर्राष्ट्रीय वन दिवस धूमधाम से मनाया गया
डीएम ने की विकास व निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत कन्या जन्मोत्सव मनाया गया