कमीशन मांगने और अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर प्रधानों में आक्रोश, जांच की मांग पर अड़े रहे प्रदर्शनकारी
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। विकास कार्यों में कथित कमीशन मांगने और अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर बुधवार को पनियरा विकासखंड कार्यालय में ग्राम प्रधानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सतीश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रधान ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे और खंड विकास अधिकारी अमिय कुमार शशि के खिलाफ नारेबाजी की।प्रधानों का आरोप है कि मनरेगा भुगतान, पंचायत भवन निर्माण, नाली-खड़ंजा और इंटरलॉकिंग सहित विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति और एमबी कराने के नाम पर कथित रूप से कमीशन की मांग की जाती है। प्रधानों का कहना है कि कमीशन देने से इनकार करने पर फाइलों में आपत्तियां लगाकर भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी की जाती है।प्रधानों ने यह भी आरोप लगाया कि अपनी समस्याओं को लेकर बीडीओ से मिलने पर उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता और कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। इन्हीं शिकायतों को लेकर बुधवार दोपहर प्रधान ब्लॉक कार्यालय परिसर में एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित प्रधानों ने बीडीओ कार्यालय का घेराव किया। इसी दौरान कुछ समय के लिए बीडीओ अमिय कुमार शशि को उनके कार्यालय कक्ष में बंद कर दिया गया। प्रधानों की मांग थी कि वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी शिकायतें सुनें और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएं।हंगामे की सूचना पर पनियरा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ ब्लॉक कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद प्रधानों ने बीडीओ को कमरे से बाहर निकाल दिया, लेकिन प्रदर्शन जारी रखा। प्रधानों ने कहा कि केवल मौखिक आश्वासन से मामला शांत नहीं होगा। उन्होंने पूरे प्रकरण की लिखित जांच कराने और जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।देर शाम तक ब्लॉक परिसर में गहमागहमी बनी रही।
प्रशासनिक अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई। प्रधान संघ पदाधिकारियों ने मांग की कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अमिय कुमार शशि का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था।
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। आरक्षण व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर सवर्ण समाज…
25 तक उपस्थिति सत्यापन और 28 तक वेतन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश, नई व्यवस्था…
12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, मऊ में अधिकाधिक मामलों के निस्तारण की तैयारी मऊ…
सुप्रीम कोर्ट का आदेश बनाम स्थानीय प्रशासन: न्यायिक आदेश की अवहेलना का जवाब कौन देगा?…
ज़नाब, जूते न गंदे हो जाएँ युवा साहब के,देखो इंसानियत को कीचड़ में बहा दिया।इस…
पिंडरा में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- माफिया पर कार्रवाई की बात आते…