नई दिल्ली/वॉशिंगटन (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) — भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित महत्वपूर्ण व्यापार वार्ता फिलहाल टल गई है। अमेरिकी व्यापार वार्ताकारों का 25 से 29 अगस्त तक प्रस्तावित नई दिल्ली दौरा अचानक रद्द कर दिया गया है। इस दौरे का मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को आगे बढ़ाना था।
सूत्रों के अनुसार, इस वार्ता के स्थगित होने से समझौते पर बातचीत में और देरी हो सकती है। साथ ही, भारतीय सामानों पर लगने वाले अतिरिक्त अमेरिकी टैरिफ से जल्द राहत मिलने की उम्मीद भी कम हो गई है। अमेरिकी दूतावास ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि यह मामला यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) के पास है। भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने भी इस पर कोई तुरंत प्रतिक्रिया नहीं दी।
गौरतलब है कि इसी महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय सामानों पर 25% का अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। उन्होंने इसका कारण भारत द्वारा रूसी तेल का लगातार आयात बताया था। यह नया टैरिफ 27 अगस्त से लागू होगा, जिसके बाद कुछ भारतीय निर्यात पर कुल शुल्क 50% तक बढ़ जाएगा। यह अमेरिका द्वारा किसी भी व्यापारिक साझेदार पर लगाए गए सबसे ऊंचे शुल्कों में गिना जाएगा।
अब तक भारत और अमेरिका के बीच पांच दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन इनमें कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। सबसे बड़े मतभेद भारत के कृषि और डेयरी बाजार को खोलने तथा रूसी तेल आयात को लेकर हैं। भारत के विदेश मंत्रालय का कहना है कि रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत को अनुचित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, जबकि अमेरिका और यूरोपीय संघ खुद भी रूस से विभिन्न सामान खरीदना जारी रखे हुए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वार्ता लंबे समय तक अटकी रही तो भारतीय निर्यातकों पर इसका सीधा असर पड़ेगा और दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव और गहरा सकता है।
शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे इलाज; जांच, दवाएं और कई ऑपरेशन भी मुफ्त! गोरखपुर (राष्ट्र की…
करवा चौथ के दिन दूधिया श्रवण की संदिग्ध मौत! मरने से पहले भाई को किया…
ग्लेशियल झील फटने से हड़कंप! असम-बंगाल पर बाढ़ का खतरा, हजारों लोग सुरक्षित ठिकानों पर…
कसया के शिक्षा विभाग में कथित वसूली का मामला गरमाया! खेलकूद, ऑडिट और एमडीएम रजिस्टर…
करवा चौथ की रात खुला कथित प्रेम प्रसंग का राज! पत्नी को दूसरे युवक के…
बहन को रोकने के लिए छत से कूदा भाई; 3 किमी पीछा कर मोतीझील में…