न्यायपालिका की लक्ष्मण रेखा: आदेश की अवहेलना और अवमानना में क्या है अंतर?

लेखक: डॉ. सत्यवान सौरभ

न्यायपालिका लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है, लेकिन किसी भी संवैधानिक संस्था की ताकत उसके अधिकारों के विस्तार में नहीं, बल्कि उनके मर्यादित और निष्पक्ष इस्तेमाल में होती है। न्यायालय के आदेशों की अवहेलना निश्चित रूप से गंभीर मामला है। यदि सरकारी अधिकारी ही अदालतों के निर्देशों को ठेंगे पर रखने लगें तो कानून के शासन का क्या अर्थ रह जाएगा? लेकिन इसका दूसरा पक्ष भी उतना ही महत्वपूर्ण है। क्या किसी न्यायाधीश को अपने आदेश की अवहेलना होते ही किसी अधिकारी को तत्काल अवमानना का दोषी ठहराने का अधिकार मिल जाता है? क्या न्यायिक नाराजगी ही कानूनी अपराध का प्रमाण बन सकती है? सर्वोच्च न्यायालय की हालिया टिप्पणियों ने इसी खतरनाक प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हुए न्यायिक अधिकारों की सीमा याद दिलाई है।
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 129 और 215 के तहत सर्वोच्च न्यायालय तथा उच्च न्यायालयों को अपनी अवमानना के लिए दंड देने की शक्ति प्राप्त है। इसका उद्देश्य न्यायपालिका की प्रतिष्ठा बचाना, न्यायिक आदेशों का सम्मान सुनिश्चित करना और न्याय प्रशासन में बाधा डालने वालों पर अंकुश लगाना है। लेकिन न्यायालय की अवमानना का कानून किसी न्यायाधीश के व्यक्तिगत सम्मान की रक्षा का हथियार नहीं है। यह न्यायिक संस्था और न्याय प्रक्रिया की गरिमा बचाने का संवैधानिक माध्यम है। दोनों के बीच अंतर समझना बेहद जरूरी है।
अदालत की अवमानना मुख्य रूप से दो प्रकार की होती है। दीवानी अवमानना में न्यायालय के आदेश, निर्देश, निर्णय या दिए गए आश्वासन की जानबूझकर अवहेलना शामिल है। विजय माल्या को वर्ष 2022 में अवमानना के मामले में सुनाई गई सजा इसका उदाहरण है। वहीं आपराधिक अवमानना में न्यायालय को बदनाम करने वाली ऐसी अभिव्यक्ति, जो न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करे, न्याय प्रशासन में बाधा डाले अथवा न्यायिक कार्यवाही को बाधित करे, शामिल होती है। प्रशांत भूषण का वर्ष 2020 का मामला इसी श्रेणी में चर्चित रहा। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि न्यायपालिका की आलोचना करना अपराध है। लोकतंत्र में न्यायाधीशों के निर्णयों पर सवाल उठाना, न्यायिक व्यवस्था की कमियों पर चर्चा करना और संस्थागत जवाबदेही की मांग करना नागरिकों का अधिकार है। आलोचना और अवमानना के बीच की रेखा इतनी धुंधली नहीं होनी चाहिए कि असहमति को ही अपराध बना दिया जाए।
हालिया विवाद बिहार के रोहतास जिले से जुड़ा है, जहां एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने पुलिस अधीक्षक को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था। निर्देश का पालन नहीं होने पर न्यायिक अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को तलब किया और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 384 के तहत अवमानना का दोषी ठहराते हुए एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगा दिया। मामला सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा तो वहां इस कार्रवाई के कानूनी आधार पर ही सवाल खड़े हो गए। सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने स्पष्ट किया कि अदालत के आदेश का पालन न करना और अदालत के सामने अवमानना करना दो अलग-अलग बातें हैं। किसी अधिकारी द्वारा पहले दिए गए न्यायिक आदेश का पालन नहीं करना अपने आप में न्यायालय के सामने किया गया अपराध नहीं बन जाता। पीठ ने न्यायिक अधिकारी को अपनी शक्तियों की सीमा समझने की सलाह दी और बाहुबली की तरह व्यवहार न करने की नसीहत भी दी।
यह टिप्पणी केवल एक न्यायिक अधिकारी के आचरण पर सवाल नहीं है, बल्कि पूरी न्यायिक व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है। न्यायाधीश होना अधिकारों का खुला लाइसेंस नहीं है। अदालत का आदेश बाध्यकारी जरूर है, लेकिन आदेश की अवहेलना पर कार्रवाई भी निर्धारित कानून के अनुसार ही होनी चाहिए। न्यायिक अधिकारिता और व्यक्तिगत नाराजगी के बीच अंतर मिटने लगे तो न्याय की निष्पक्षता प्रभावित होना तय है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 384 न्यायालय को कुछ विशेष अपराधों के लिए संक्षिप्त प्रक्रिया अपनाने का अधिकार देती है। इनमें न्यायालय के सामने प्रश्नों का उत्तर देने से इनकार करना, शपथ लेने से मना करना, दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश की अवहेलना करना और न्यायिक कार्यवाही में जानबूझकर अपमान या बाधा उत्पन्न करना जैसे अपराध शामिल हैं। इस प्रक्रिया के तहत अधिकतम एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। लेकिन इस सीमित शक्ति का इस्तेमाल न्यायालय के किसी भी पुराने आदेश की अवहेलना को दंडित करने के लिए नहीं किया जा सकता। कानून ने अधिकार दिया है तो उसकी सीमा भी तय की है। न्यायिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस सीमा का सम्मान करना ही होगा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब न्यायाधीश ही कानून की प्रक्रिया को दरकिनार करने लगें तो आम नागरिक न्याय किससे मांगेगा? किसी अधिकारी की गलती पर कार्रवाई जरूरी है, लेकिन क्या न्यायिक अधिकारी को भी यह अधिकार है कि वह अपनी नाराजगी को तत्काल दंड में बदल दे? न्यायालय में मौजूदगी के दौरान किए गए अपमान और किसी पुराने आदेश के अनुपालन में हुई देरी को एक ही तराजू में नहीं तौला जा सकता। यदि हर आदेश की अवहेलना पर निचली अदालतें संक्षिप्त अवमानना की कार्रवाई करने लगें तो न्यायिक प्रक्रिया में गंभीर असंगतियां पैदा हो सकती हैं।
इसका अर्थ यह कतई नहीं कि पुलिस अधीक्षक या अन्य प्रशासनिक अधिकारी न्यायालयों के आदेशों को नजरअंदाज करें। सरकारी पद और वर्दी किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाते। अदालत के आदेशों का जानबूझकर उल्लंघन करने वाले अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। लेकिन इसके लिए उचित कानूनी रास्ता अपनाना होगा। परिस्थितियों के अनुसार ऐसे मामलों को उच्च न्यायालय के समक्ष अवमानना की कार्यवाही के लिए उठाया जा सकता है। उच्च न्यायालयों के पास संविधान और अवमानना अधिनियम के तहत आवश्यक अधिकार हैं। न्यायिक व्यवस्था में अनुशासन का अर्थ केवल अधिकारियों को अनुशासित करना नहीं, बल्कि न्यायिक शक्तियों के इस्तेमाल को भी अनुशासित रखना है।
विडंबना यह है कि देश में आम नागरिक न्यायालय से आदेश प्राप्त करने के बाद भी वर्षों तक उसके क्रियान्वयन के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटता रहता है। अधिकारी फाइलों को दबाकर बैठ जाते हैं, विभाग आदेशों की व्याख्या अपनी सुविधा से करते हैं और कई बार न्यायिक निर्देशों का पालन कराने के लिए नागरिक को फिर अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ता है। यह प्रशासनिक मनमानी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। लेकिन इसका समाधान न्यायिक अधिकारों का अनियंत्रित इस्तेमाल भी नहीं है। न्यायालयों को अधिकारियों की जवाबदेही तय करनी चाहिए, मगर पूरी प्रक्रिया कानून और निष्पक्षता के दायरे में रहनी चाहिए।
यह भी आवश्यक है कि न्यायिक अधिकारियों को संवैधानिक अधिकारिता और प्रक्रियात्मक कानूनों के संबंध में नियमित प्रशिक्षण दिया जाए। अदालत की अवमानना जैसी गंभीर शक्ति का इस्तेमाल अत्यंत सावधानी से होना चाहिए। न्यायाधीश की भाषा, व्यवहार और निर्णय में संयम दिखाई देना चाहिए। किसी अधिकारी से असहमति होने पर न्यायिक प्रक्रिया को व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का प्रश्न बना देना उचित नहीं है। न्यायिक गरिमा ऊंची आवाज, कठोर टिप्पणियों या तत्काल जुर्माना लगाने से नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण फैसलों से स्थापित होती है।
न्यायपालिका को यह भी समझना होगा कि लोकतंत्र में सम्मान मांगने से नहीं, विश्वसनीयता से मिलता है। जिस तरह प्रशासनिक अधिकारी न्यायालय से ऊपर नहीं हो सकते, उसी तरह न्यायिक अधिकारी भी संविधान और कानून से ऊपर नहीं हैं। न्याय की कुर्सी पर बैठने वाला व्यक्ति कानून का संरक्षक है, कानून का मालिक नहीं। अदालत की अवमानना बर्दाश्त नहीं होनी चाहिए, लेकिन न्याय के नाम पर अधिकारों की मनमानी भी स्वीकार नहीं की जा सकती। आखिर कानून का शासन तभी मजबूत होगा, जब कानून का पालन कराने वाले भी कानून की सीमाओं में रहेंगे।
लेखक परिचय: डॉ. सत्यवान सौरभ पीएचडी (राजनीति विज्ञान) हैं। वह कवि, सामाजिक विचारक एवं स्तंभकार हैं तथा आकाशवाणी और टीवी पैनलिस्ट के रूप में भी जुड़े हैं।
लेखक का पता: 333, परी वाटिका, कौशल्या भवन, बड़वा (सिवानी), भिवानी, हरियाणा–127045।

Editor CP pandey

Recent Posts

देवरिया से कौशाम्बी जाएंगे संजय कुमार रेड्डी, SP अभिजित आर. शंकर ने स्मृति चिह्न देकर बढ़ाया सम्मान

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। पुलिस लाइन देवरिया में शुक्रवार, 27 नवंबर को भावुकता और सम्मान…

2 hours ago

आशा लाइब्रेरी संविधान पर परिचर्चा का आयोजन

संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने की दी गयी सीख अधिकार के…

3 hours ago

गांधी नगर वार्ड को मिली विकास की सौगात, सीसी रोड और नाली निर्माण शुरू

जर्जर सड़क और जल निकासी की समस्या से मिलेगी निजात, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता…

3 hours ago

विद्यालयों में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं को दिलाई गई शपथ

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर…

4 hours ago

कामकाजी पेशेवरों के लिए बीबीएयू में एमबीए का मौका, पंजीकरण शुरू

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के…

4 hours ago

देवरिया की सड़कों पर सफर या सजा? जाम, गड्ढों और भारी वाहनों ने बढ़ाई जनता की मुसीबत

देवरिया में जाम और जर्जर सड़कों का डबल अटैक! मरीजों की सांसें अटक रहीं, छात्रों…

10 hours ago