हाउस टैक्स घटाने के नाम पर 20 हजार की रिश्वत, महिला राजस्व निरीक्षक रंगेहाथ गिरफ्तार
प्रयागराज (राष्ट्र की परम्परा)। प्रयागराज नगर निगम में हाउस टैक्स कम कराने के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने जोन-7 की महिला राजस्व निरीक्षक राधा देवी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मकान का हाउस टैक्स कम कराने के बदले रकम मांगी गई थी।
मामला फाफामऊ के शांतिपुरम गदोपुर निवासी शारिक अहमद से जुड़ा है। कपड़ों का कारोबार करने वाले शारिक के अनुसार, मार्च में उनके मकान का हाउस टैक्स बढ़कर करीब 1.16 लाख रुपये हो गया था। बिल में सुधार कराने के लिए वह कई महीनों तक नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इसी दौरान उनकी मुलाकात नगर निगम के जोन कार्यालय में तैनात राजस्व निरीक्षक राधा देवी से हुई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, राजस्व निरीक्षक उनके घर जांच के लिए भी गई थीं। इसके बाद उन्हें जोन कार्यालय बुलाया गया। कुछ दिन बाद धर्मेंद्र नाम के कर्मचारी ने फोन कर उन्हें कार्यालय आने के लिए कहा और बताया कि राधा देवी ने बुलाया है।
शारिक का आरोप है कि कार्यालय पहुंचने पर धर्मेंद्र ने उनसे 15 हजार रुपये की मांग की। जब उन्होंने इस संबंध में राधा देवी से बात की तो कथित तौर पर रिश्वत की रकम बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई। शारिक का कहना था कि हाउस टैक्स का बिल ही गलत है और वह खुद इसे ठीक कराने के लिए परेशान हैं, फिर रिश्वत क्यों दें। आरोप है कि इसके बावजूद उन पर रकम देने का दबाव बनाया गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्होंने रकम दो किस्तों में देने की बात कही, लेकिन आरोप है कि उनसे पूरी रकम एक साथ लाने को कहा गया। लगातार दबाव से परेशान होकर शारिक ने 28 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की प्रयागराज इकाई में शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
29 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की 14 सदस्यीय टीम ने फाफामऊ स्थित जोन-7 कार्यालय में ट्रैप लगाया। दोपहर करीब 1:16 बजे शिकायतकर्ता ने जैसे ही 20 हजार रुपये राधा देवी को दिए और कथित तौर पर उन्होंने रकम अपनी टेबल की दराज में रखी, टीम ने उन्हें पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद किए जाने की बात सामने आई है।
गिरफ्तार महिला राजस्व निरीक्षक की पहचान राधा देवी पत्नी अंशुल कुमार, पुत्री गिरधारी लाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से प्रतापगढ़ के मान्धाता थाना क्षेत्र के पुरेला गांव की निवासी बताई गई हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती फाफामऊ क्षेत्र में थी और वह गोविंदपुर इलाके में रह रही थीं।
एंटी करप्शन प्रयागराज के प्रभारी रविंद्र सिंह यादव के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले फाफामऊ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया, जिसे बाद में एंटी करप्शन थाने में स्थानांतरित कर दिया गया। आरोपी को बुधवार को एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किए जाने की जानकारी दी गई है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दें। प्रयागराज मंडल के लिए 9454402490 और लखनऊ मुख्यालय कंट्रोल रूम के लिए 9454402484 पर शिकायत की जा सकती है।
सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान-साहिल दोषी मेरठ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड…
मृतक की फाइलफोटो घर से महज 100 मीटर पहले छात्रा की दर्दनाक मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली की…
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। स्थानीय पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में छात्राओं को…
तीन मतदेय स्थलों पर 3097 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग,15 अक्टूबर को होगी मतगणना महराजगंज…
बलरामपुर में बेटियों के घर छोड़ने के मामले बढ़े फोटो goo बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा…
बिछुआ/मप्र (राष्ट्र की परम्परा)। शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में प्राचार्य डॉ. आर.पी. यादव के संरक्षण एवं…