लखीमपुर-खीरी (राष्ट्र की परम्परा)। दीपावली का त्योहार जिस घर में खुशियों के दीप जलाने आया था, वहां एक खूंखार तेंदुआ ऐसा कहर बनकर टूटा कि पूरा परिवार जिंदगीभर के लिए अंधेरे में डूब गया। रविवार की रात घर के आंगन में दीपावली के पटाखे जला रहे 12 वर्षीय मासूम रोहित कुमार को तेंदुआ अचानक दबोचकर गन्ने के खेतों की ओर ले गया। परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की घंटों की तलाश के बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।यह हृदयविदारक घटना गोला थाना क्षेत्र के जमुनाबाद फार्म की है। मृतक रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और गांव के विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ता था। उसके पिता लालू दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मां सरोजा देवी और पिता की आंखों का तारा रहे रोहित की असमय मौत ने परिवार की दुनिया ही उजाड़ दी। बेटे का शव देखकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।आंगन में पटाखे जला रहा था मासूम, अचानक आ धमका तेंदुआबताया जाता है कि रविवार शाम करीब सात बजे रोहित दीपावली के अवसर पर अपने घर के आंगन में पटाखे और फुलझड़ियां जला रहा था। इसी दौरान गन्ना शोध केंद्र की ओर से आया तेंदुआ घर की बाउंड्री पार कर परिसर में घुस आया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही तेंदुए ने रोहित पर हमला कर उसे अपने जबड़े में दबोच लिया और तेजी से गन्ने के खेतों की तरफ भाग निकला।बेटे की चीख सुनकर दौड़े माता-पिता, रातभर चला तलाशी अभियानरोहित की चीख सुनकर माता-पिता तत्काल घर से बाहर निकले और शोर मचाते हुए तेंदुए के पीछे दौड़े। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी एकत्र हो गए। इसके बाद खेतों और झाड़ियों में बच्चे की तलाश शुरू की गई। अंधेरा और घनी फसल होने के कारण तलाश में काफी दिक्कतें आईं। ग्रामीण पूरी रात टॉर्च की रोशनी में खेतों की खाक छानते रहे, लेकिन मासूम का कोई सुराग नहीं मिल सका। परिवार की उम्मीदें हर गुजरते पल के साथ टूटती चली गईं।सुबह झाड़ियों में मिला शव, मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीमसोमवार सुबह पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची। ग्रामीणों के साथ दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान घर से लगभग 150 मीटर दूर झाड़ियों में रोहित का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों का कलेजा कांप उठा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।तेंदुए की दस्तक से गांव में दहशत, सुरक्षा की मांगघटना के बाद जमुनाबाद फार्म सहित आसपास के गांवों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तेंदुआ घर के आंगन तक पहुंचकर मासूम बच्चे को उठा ले जा रहा है, तो आबादी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने, प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण आबादी के आसपास वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। दीपावली की रात जिस घर में खुशियों के दीप जलने थे,…
शोकाकुल परिजनों से मिलकर जताई संवेदना, बोले- सैन्य और राजनीतिक जीवन में ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा…
नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। रूस के सबसे महत्वाकांक्षी पांचवीं पीढ़ी के स्टेल्थ लड़ाकू…
बिजली का खंभा तोड़ती हुई डिवाइडर के पार पहुंची कार, आग की लपटों में घिर…
दिवाली के जश्न के बाद दिल्ली-NCR की हवा की गुणवत्ता में भारी गिरावट दर्ज की…
पंचांग एवं विशेष धार्मिक महत्व कार्तिक कृष्ण पक्ष की अमावस्या और सोमवती अमावस्या का विशेष…