महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भारत–नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान थाना सोनौली पुलिस और इमिग्रेशन टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी भारतीय दस्तावेजों के जरिए विदेश जाने की कोशिश कर रही एक नेपाली महिला को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय फर्जीवाड़े और मानव तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में कस्बा सोनौली स्थित भारत– नेपाल सीमा के इमिग्रेशन कार्यालय पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक नेपाली महिला को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछ-ताछ और अभिलेखों की गहन जांच में खुलासा हुआ कि महिला ने छलपूर्वक अपना नाम बदलकर कूटरचित भारतीय दस्तावेज तैयार कर लिए थे और उन्हीं के सहारे हांगकांग जाने का प्रयास कर रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि नेपाल सरकार के निर्देशानुसार किसी भी नेपाली महिला नागरिक को घरेलू कार्य के लिए हांगकांग जाने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद उक्त महिला अपने संपर्कों के माध्यम से फर्जी पहचान बनाकर नियमों को दरकिनार करने की कोशिश कर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला को थाना सोनौली लाया गया, जहां उसके खिलाफ मु0अ0सं0 125/2025 धारा 318(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय सदर, महराजगंज भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान शर्मीला लामा पुत्री कवांग दोजें लामा, निवासी नया गांव देउपुर, जिला कावेरेपालन चौक, नेपाल के रूप में हुई है, जो छलपूर्वक सोनिया श्रेष्ठा नाम का उपयोग कर रही थी। उसके पास से एक भारतीय पासपोर्ट, भारतीय आधार कार्ड और नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र बरामद किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, महिला आरक्षी प्रेमशीला चौहान, महिला आरक्षी सरोज सिंह तथा इमिग्रेशन अधिकारी कृष्णा नन्द सिंह और उमेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भारत–नेपाल सीमा की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए आगे भी इसी तरह सख्त और सतत कार्रवाई जारी रहेगी।
Rajouri Encounter: Indian Army ने मंगलवार तड़के Rajouri district में Line of Control (एलओसी) पर…
पश्चिम एशिया में United States–Iran तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल…
पश्चिम एशिया में जारी भीषण तनाव के बीच Iran से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई…
Israel-US Iran War: Israel-United States और Iran के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालात ने भारत…
वॉशिगटन (राष्ट्र की परम्परा)। अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने Iran पर हालिया अमेरिकी सैन्य…
पहचान बनी पहेली, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद…