दस दिन में खेत की मेड़ से अस्पताल के बेड तक पहुंचे डीएम, अफसरों पर भी कसने लगा शिकंजा

कार्यभार संभालते ही जनता के बीच पहुंचे शिवशरणप्पा जीएन, निरीक्षण और संवाद से परखी व्यवस्था

लापरवाह अधिकारियों को नोटिस, अनुपस्थित अफसरों का वेतन रोकने का निर्देश, जवाबदेही तय करने का संदेश

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। किसान के खेत में फसल की चिंता, अस्पताल में मरीज की पीड़ा, खाद के लिए भटकते किसानों की परेशानी और सरकारी दफ्तरों में न्याय की आस लेकर पहुंचने वाले फरियादियों की व्यथा… इन सबको समझने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने दफ्तर की कुर्सी तक खुद को सीमित नहीं रखा। कार्यभार संभालने के महज दस दिनों के भीतर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच कर उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था की नब्ज टटोलने के साथ अधिकारियों को भी जवाबदेही का एहसास कराया। निरीक्षण, संवाद और कार्रवाई के जरिए डीएम ने साफ संदेश दिया कि सरकारी जिम्मेदारी केवल फाइलों तक सीमित नहीं, बल्कि जनता को वास्तविक राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उनकी सक्रियता और सख्ती के बाद विभागीय अधिकारियों में भी समयबद्धता और जिम्मेदारी को लेकर हलचल दिखने लगी है। 14 नवंबर को कार्यभार ग्रहण करने के बाद डीएम ने सबसे पहले शहर के छठ घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अगले दिन कलेक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और अधिकारियों की उपस्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले दर्जनों जिम्मेदारों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। इससे कार्यालयों में समय से पहुंचने और कार्यप्रणाली दुरुस्त रखने को लेकर अधिकारियों में सतर्कता बढ़ी।
18 नवंबर को किसान दिवस के बाद डीएम सदर तहसील के कृत पिपरा गांव में किसान जगदीश के खेत पहुंचे। यहां उन्होंने खुद हंसिया उठाकर क्रॉप कटिंग कराई और खेती की वास्तविक स्थिति को करीब से समझा। पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान पर जोर दिया। अगले दिन जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। नवीन मंडी में धान खरीद की स्थिति परखी तो पिपरदेउरा स्थित इफको केंद्र पर खाद की उपलब्धता का जायजा लिया। किसानों की समस्याओं को जानने के लिए दरहटा और रुधौली भावचक के रमाशंकर तथा पुरुषोत्तम वर्मा से फोन पर बातचीत कर उनकी शिकायतों और जरूरतों को समझा। 20 नवंबर को पीजी कॉलेज में छात्र-छात्राओं के बीच पहुंच कर डीएम ने मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया। इसके बाद चिऊरहा स्थित कान्हा उपवन का निरीक्षण किया। ईवीएम जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने के साथ विकास कार्यों की समीक्षा भी की। 21 नवंबर को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ निचलौल तहसील दिवस में पहुंच कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। गोसदन मधवलिंया और ठूठीबारी स्थित निर्माणाधीन नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर दिसंबर तक निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। मिठौरा के पंचायत पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षिक व्यवस्था परखी। 22 नवंबर को कंपोजिट विद्यालय धनेवा-धनेई में एसएसआर-2027 के विशेष अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अभियान से जुड़े कार्यों की स्थिति और जिम्मेदारों की भूमिका पर नजर रखी। 23 नवंबर को विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों की समीक्षा के बाद डीएम ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता और अधिकारियों की जवाबदेही पर सख्त रुख अपनाया। 50 प्रतिशत से कम संतुष्टि वाले कार्यालयों की समीक्षा बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर सीएमओ, डीआईओएस, एलडीएम और बीडीओ परतावल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता से शत-प्रतिशत संपर्क स्थापित कर उसकी समस्या गंभीरता से सुनी जाए। जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंच कर समाधान सुनिश्चित करें। केवल पोर्टल पर शिकायत निस्तारित दिखा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। असंतुष्ट शिकायतों की विशेष समीक्षा कर समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
दस दिनों की इस सक्रियता ने प्रशासनिक कार्यशैली में जवाबदेही, जनसंवाद और निरीक्षण को प्रमुखता देने का संदेश दिया है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि निरीक्षण और सख्ती का यह सिलसिला आगे भी कितना प्रभावी ढंग से जारी रहता है और इसका लाभ आम जनता को किस स्तर तक मिलता है।

rkpshomnath

Recent Posts

गरीब बच्चों के लिए खुलेगा निजी स्कूलों का दरवाजा, दिसंबर से आरटीई आवेदन की उम्मीद

कक्षा पांच के विद्यार्थियों को मिलेगा निजी विद्यालयों में कक्षा छह में प्रवेश का मौका,…

4 minutes ago

ऑटो में टक्कर मारने के बाद चालक के दोनों पैरों पर चढ़ाया ट्रैक्टर का पहिया, मौत

हादसे के बाद रोकने की कोशिश कर रहे ऑटो चालक को कुचलकर फरार हुआ चालक,…

16 minutes ago

बस स्टेशन बनाने की मांग को लेकर कांग्रेसियो ने किया प्रदर्शन

मांगे जल्द पूरी नही हुई तो होगा आंदोलन -रविप्रताप सिंह बस अड्डे की मांग को…

22 minutes ago

पिछड़े क्षेत्र में शिक्षा की नई उम्मीद, बनेगा जेनिथ इंटरनेशनल स्कूल

वैदिक मंत्रोच्चार और मंगल गीतों के बीच हुआ भूमिपूजन, प्ले-वे से नौवीं तक पहले सत्र…

25 minutes ago

लूट की झूठी कहानी रचने वाले दो तस्कर गिरफ्तार 1.30 करोड़ का सोना बरामद

बैंकाक से सोना लाकर बेचने जा रहे थे आरोपी, छह अन्य वांछितों की तलाश में…

28 minutes ago

संविधान से ऊपर कोई नहीं न्याय में समझौता नहीं – ज्यूडिशियल काउंसिल

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा)ज्यूडिशियल काउंसिल ने न्याय व्यवस्था में समयबद्ध सुधारों, पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही…

34 minutes ago